मद्रास कांवड़ संघ की रजत जयंती कांवड़ यात्रा का शुभारंभ

हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष के बीच मद्रास कांवड़ संघ, चेन्नई के रजत जयंती वर्ष (2002-2026) के अवसर पर 85 शिवभक्त श्रद्धालु 1 अगस्त 2026 को चेन्नई से बिहार के सुल्तानगंज के लिए रवाना हुए। श्रद्धालु उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल लेकर लगभग 105 किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग, देवघर में जलाभिषेक करेंगे तथा इसके बाद बाबा वासुकीनाथ धाम में भी पूजा-अर्चना करेंगे।

संघ इस वर्ष अपनी 25वीं कांवड़ यात्रा का आयोजन कर रहा है। पिछले 25 वर्षों से शिवभक्ति, सेवा, अनुशासन और सामाजिक समर्पण की भावना के साथ आयोजित होने वाली यह यात्रा इस बार रजत जयंती वर्ष के कारण विशेष रूप से सेवा-प्रधान और भव्य बनाई गई है।

यात्रा के दौरान देशभर से आने वाले हजारों कांवडिय़ों के लिए प्रतिदिन नि:शुल्क भोजन प्रसादी, शुद्ध पेयजल, नींबू शिकंजी, शरबत, फल वितरण, चिकित्सा सहायता एवं विश्राम की समुचित व्यवस्था की गई है। प्रत्येक पड़ाव पर भजन संध्या, सामूहिक आरती एवं शिवभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

संघ के चेयरमैन ओमप्रकाश डागा ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, त्याग, अनुशासन और मानवता का संदेश देने वाला महापर्व है। रजत जयंती वर्ष में अधिकाधिक शिवभक्तों की सेवा करना ही संघ का प्रमुख संकल्प है।

अध्यक्ष संजय मूंदड़ा ने बताया कि प्रतिदिन 15 से 17 किलोमीटर की पदयात्रा होगी। प्रत्येक दिन प्रात: 2:45 बजे मंगल आरती तथा 3 बजे पदयात्रा प्रारंभ होगी। उन्होंने बताया कि राजस्थान के लक्ष्मणगढ़ के प्रसिद्ध भजन गायक पवन शर्मा 'निर्मलÓ अपनी मंडली के साथ प्रतिदिन भजन संध्या प्रस्तुत करेंगे।

कोषाध्यक्ष राजेश भौतिका ने बताया कि सभी यात्रियों के लिए विशेष नेम टैग, रजत जयंती स्मृति बैज, चिकित्सा सहायता तथा सुव्यवस्थित यात्रा प्रबंधन की व्यवस्था की गई है। वहीं संयोजिका मीना डागा ने कहा कि महिला श्रद्धालुओं एवं वरिष्ठ कांवडिय़ों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि सभी श्रद्धालुओं को दिव्य एवं सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिल सके।

रवाना होने से पूर्व चेन्नई एयरपोर्ट पर सभी श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना कर यात्रा की मंगलकामना की। परिजनों एवं शुभचिंतकों ने पुष्पवर्षा, मंगल तिलक और शुभकामनाओं के साथ श्रद्धालुओं को भावभीनी विदाई दी।

इस अवसर पर देव किशन काबरा, संदीप काबरा, कुप्पूस्वामी, आदित्य हाड़ा, लक्ष्मी अग्रवाल, सोनिका गोयल, बबीता हाड़ा, उमा काबरा, संगीता राठी, नारायण राठी, सिद्धार्थ डागा, संजय सारड़ा, सूरज सारड़ा सहित अनेक गणमान्य सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

संघ ने सभी शिवभक्तों से रजत जयंती कांवड़ यात्रा की सफलता एवं श्रद्धालुओं के सुरक्षित एवं मंगलमय जलाभिषेक के लिए भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना करने का आग्रह किया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal