|
जयपुर। देश के प्रतिष्ठित वित्तीय दैनिक समाचार पत्र इकोनॉमिक टाइम्स (ET) द्वारा 12 जून 2026 को नई दिल्ली के एयरोसिटी स्थित पंचसितारा होटल पुलमैन में आयोजित 'ET SME Growth Conclave 2026' में जयपुर के उद्योग एवं एमएसएमई क्षेत्र से जुड़े सुरेन्द्र बजाज ने विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में सहभागिता की। इस प्रतिष्ठित आयोजन में देशभर के उद्योग जगत, नीति-निर्माताओं एवं उद्यमियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान उन्हें प्रसिद्ध बिजनेस कोच राहुल मालोदिया तथा सुरेश मनसारामानी से भेंट एवं विभिन्न समसामयिक औद्योगिक विषयों पर सार्थक संवाद का अवसर भी प्राप्त हुआ।
इसके उपरांत 19 जून 2026 को भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय द्वारा केंद्रीय एमएसएमई मंत्री जीतन राम मांझी के नेतृत्व में आगरा के सात सितारा ताज होटल एंड कन्वेंशन सेंटर में ब्रिक्स देशों के निजी क्षेत्र के हितधारकों (स्टेकहोल्डर्स) के साथ एक उच्चस्तरीय संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस महत्वपूर्ण आयोजन में सुरेन्द्र बजाज ने मुंबई स्थित देश की अग्रणी औद्योगिक संस्था इंडिया एस.एम.ई. फोरम के अधिकृत प्रतिनिधि के रूप में सहभागिता करते हुए एमएसएमई क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सुरेन्द्र बजाज ने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों में सहभागिता से उद्योग जगत की नवीन नीतियों, वैश्विक व्यापारिक अवसरों तथा एमएसएमई क्षेत्र के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने इसे जयपुर एवं राजस्थान के उद्योग जगत के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि भविष्य में भी वे उद्योग एवं उद्यमिता के विकास हेतु सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।
|