गुवाहाटी में केंद्रीय मंत्री जुअल ओराम एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. रनोज पेगु का भव्य स्वागत

भारत सरकार के जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री श्री जुअल ओराम तथा असम सरकार के स्कूली शिक्षा, उच्च शिक्षा, जनजातीय कार्य (मैदानी) एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ. रनोज पेगु का गुवाहाटी स्थित वरिष्ठ समाजसेवी श्री बासु दमानी के निवास पर माहेश्वरी समाज की ओर से आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर माहेश्वरी सभा, गुवाहाटी एवं पूर्वोत्तर माहेश्वरी समाज के प्रतिनिधियों ने दोनों माननीय मंत्रियों का पुष्पगुच्छ एवं सम्मान स्वरूप अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान पूर्वोत्तर सभा के अध्यक्ष श्री बासु दमानी ने सभी अतिथियों का औपचारिक परिचय कराया।

शिष्टाचार भेंट में सभा के सलाहकार श्री रमेश चांडक, संयुक्त मंत्री श्री नारायण गट्टानी, अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी युवा संगठन के पूर्वाचल राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री महावीर चांडक, युवा संगठन के निवर्तमान कोषाध्यक्ष श्री जीतेन्द्र चित्तलगिया तथा श्री सुभाष दमानी सहित समाज के अन्य गणमान्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान समाज के प्रतिनिधियों एवं दोनों माननीय मंत्रियों के बीच संगठनात्मक गतिविधियों, सामाजिक सरोकारों, जनजातीय विकास, शिक्षा तथा पूर्वोत्तर क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई। सभी ने समाज और शासन के बीच निरंतर संवाद एवं सहयोग को और अधिक सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। यह सौहार्दपूर्ण मुलाकात सामाजिक समन्वय, जनसेवा और विकास के प्रति साझा प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण रही।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal