| रावतसर के सोमानी परिवार ने बेटी की बिंदोरी निकालकर दिया समानता का संदेश |
|
|
समाज में बेटा-बेटी समानता का प्रेरणादायक संदेश देते हुए रावतसर के प्रतिष्ठित व्यापारी नरेन्द्र कुमार सोमानी ने अपनी पुत्री नीतिका सोमानी के विवाह अवसर पर एक अनूठी पहल की। परंपरागत रूप से जहां विवाह समारोह में दूल्हे की घोड़ी पर बिंदोरी निकाली जाती है, वहीं सोमानी परिवार ने अपनी बेटी की भी घोड़ी पर बिठाकर बिंदोरी निकालकर नई मिसाल प्रस्तुत की। शहर में पहली बार हुए इस आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए। बिंदोरी के दौरान परिवारजन, रिश्तेदार एवं मित्रगण उत्साहपूर्वक शामिल हुए। इस अवसर पर लोगों ने सोमानी परिवार के इस कदम की सराहना करते हुए इसे सामाजिक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। नरेन्द्र कुमार सोमानी ने कहा कि वर्तमान समय में बेटा और बेटी में कोई अंतर नहीं है। बेटियां शिक्षा, व्यवसाय, प्रशासन और अन्य सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर परिवार एवं समाज का नाम रोशन कर रही हैं। ऐसे में समाज को भी अपनी सोच बदलते हुए बेटियों को समान सम्मान और अवसर प्रदान करने चाहिए। इस पहल ने न केवल विवाह समारोह को विशेष बनाया, बल्कि समाज को यह संदेश भी दिया कि परंपराओं में सकारात्मक बदलाव लाकर बेटियों के सम्मान और समानता को बढ़ावा दिया जा सकता है। शहरवासियों ने सोमानी परिवार की इस सोच और साहसिक कदम की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। |