कोयंबटूर माहेश्वरी समाज का दीपावली स्नेह मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न

कोयंबटूर माहेश्वरी समाज द्वारा 9 नवंबर 2026 को माहेश्वरी भवन में सामूहिक दीपावली स्नेह मिलन समारोह का भव्य आयोजन हर्षोल्लास, उत्साह एवं आत्मीयता के साथ किया गया। इस अवसर पर समाज के सभी आयु वर्ग के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामाजिक एकता, आपसी प्रेम, सद्भाव एवं भाईचारे का सुंदर संदेश दिया।

समारोह का शुभारंभ भगवान महेश की वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात शाम 7 बजे से रात्रि 8:30 बजे तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावशाली संचालन श्रीमती प्रीति भट्टड़ ने किया। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और उमंग का वातावरण बना दिया। बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठजनों की सहभागिता से आयोजन यादगार बन गया।

समारोह के दौरान समाज के गौरव प्रोफेसर डॉ. राकेश कुमार माहेश्वरी का विशेष बहुमान किया गया। उल्लेखनीय है कि उन्हें फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई), नई दिल्ली द्वारा वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित 'भेषजी शिक्षा रत्नÓ सम्मान से सम्मानित किया गया था। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर समाज की ओर से श्री श्रीगोपाल माहेश्वरी एवं माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष श्री दामोदर सोमानी ने उनका बहुमान कर शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस उपलब्धि को समाज के लिए गौरव का विषय बताया गया।

समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के मेधावी विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। माहेश्वरी सभा की ओर से धैर्य बागड़ी, एकांश चांडक, विधि बागड़ी, निमिष पंपालिया, प्रज्ञा भट्टड़ एवं पारस तोषनीवाल को शील्ड प्रदान कर उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना की गई। विद्यार्थियों के सम्मान से समारोह में विशेष उत्साह का वातावरण रहा। इस पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी को शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढऩे और समाज का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

आयोजन के दौरान सामूहिक स्नेह मिलन के सामाजिक महत्व पर भी विशेष प्रकाश डाला गया। वर्तमान समय की व्यस्त एवं भागदौड़ भरी जीवनशैली में समय के अभाव के कारण घर-घर जाकर दीपावली की शुभकामनाएं देने और व्यक्तिगत रूप से मिलने की परंपरा धीरे-धीरे कम होती जा रही है। ऐसे में सामूहिक स्नेह मिलन समारोह समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर लाकर आपसी संबंधों को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं।

दीपावली स्नेह मिलन का वास्तविक संदेश यही है कि रोशनी केवल घरों में ही नहीं, बल्कि दिलों में भी होनी चाहिए। जब समाज के लोग एक साथ मिलकर खुशियां बांटते हैं, एक-दूसरे का सम्मान करते हैं और आपसी संबंधों को सुदृढ़ बनाते हैं, तभी त्योहार का वास्तविक उद्देश्य सार्थक होता है।

इस प्रकार के आयोजन न केवल सामाजिक एकता और पारिवारिक आत्मीयता को बढ़ावा देते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं एवं सामाजिक मूल्यों से जोडऩे का भी महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।

समारोह के अंत में सभी समाजजनों के लिए स्वादिष्ट एवं सुव्यवस्थित सामूहिक भोजन की सुंदर व्यवस्था की गई थी। उपस्थित सदस्यों ने स्नेहभोज का आनंद लेते हुए एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रतिभाओं के सम्मान, आपसी मेल-मिलाप एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ संपन्न यह आयोजन कोयंबटूर माहेश्वरी समाज की एकजुटता, संगठनात्मक भावना और समृद्ध सामाजिक परंपराओं का सुंदर उदाहरण बना।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal