वारंगल माहेश्वरी समाज का दीपावली स्नेह मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न

माहेश्वरी समाज, वारंगल द्वारा 15 नवंबर 2026 को स्थानीय समाज भवन, मारुति कन्वेंशन में दीपावली स्नेह मिलन समारोह का भव्य आयोजन समाज अध्यक्ष प्रहलाद सोनी की अध्यक्षता में हर्षोल्लास, उत्साह एवं पारिवारिक सौहार्द के वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में समाज के लगभग 500 महिला-पुरुषों, युवाओं, किशोर-किशोरियों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। इस अवसर पर सामाजिक एकता, पारिवारिक संस्कार, शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता एवं समाज के प्रति जिम्मेदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार व्यक्त किए गए।

समारोह में शिल्पा मेडिकेयर लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा, जोधपुर के कार्यकारिणी सदस्य विष्णुकांत भूतड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीपावली स्नेह मिलन के संयोजक नवल किशोर भट्टड़ द्वारा मुख्य अतिथि एवं मंचासीन पदाधिकारियों के स्वागत के साथ हुआ। तत्पश्चात भगवान महेश की विधिवत पूजा-अर्चना, ज्योति प्रज्वलन एवं महेश वंदना के साथ समारोह की शुरुआत की गई।

समाज अध्यक्ष प्रहलाद सोनी ने अपने स्वागत उद्बोधन में सभी अतिथियों एवं समाजजनों का अभिनंदन करते हुए दीपावली पर्व के आध्यात्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि एकता, मित्रता, प्रेम, सुख-शांति एवं आपसी सद्भाव को मजबूत करने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि हमारे त्योहार और परंपराएं पूर्वजों द्वारा प्रदान की गई अनमोल सांस्कृतिक विरासत हैं। इनकी महत्ता को समझना तथा आने वाली पीढिय़ों तक इनके मूल्यों और आदर्शों को पहुंचाना प्रत्येक समाजजन का दायित्व है। उन्होंने वर्तमान समय में समाज के समक्ष उपस्थित विभिन्न गंभीर समस्याओं का उल्लेख करते हुए उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास, जागरूकता एवं जिम्मेदार सहभागिता की आवश्यकता बताई।

माहेश्वरी समाज वारंगल के मंत्री रामकिशोर मनियार ने सभी समाजजनों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए आने वाले वर्ष के सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय होने की कामना की।

अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के कार्यकारिणी सदस्य रमेशचंद बंग ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक त्योहार और महत्वपूर्ण अवसर हमें पुराने मतभेदों एवं गिले-शिकवों को भुलाकर नई शुरुआत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी समाजजनों से सकारात्मक सोच, आपसी सहयोग एवं एकजुटता के साथ आगे बढऩे का आह्वान किया।

तेलंगाना-आंध्र प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के उपाध्यक्ष श्यामसुंदर जाखोटिया ने समाजजनों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक एकता एवं सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।

माहेश्वरी युवा संगठन, वारंगल के अध्यक्ष मुकेश कुमार बंग ने भी सभी को दीपावली की बधाई देते हुए समाज के कार्यक्रमों में युवाओं की सक्रिय सहभागिता के महत्व पर बल दिया।

तेलंगाना-आंध्र प्रादेशिक माहेश्वरी महिला मंडल की सहमंत्री मृदुबाला श्याम दरक ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए अभिभावकों से विशेष आग्रह किया कि वे समाज के प्रत्येक आयोजन में अपने बच्चों एवं युवा पीढ़ी को साथ लेकर आएं।

उन्होंने कहा कि सामाजिक कार्यक्रमों में सहभागिता से बच्चों को अपनी संस्कृति, परंपराओं, रीति-रिवाजों एवं समाज की पहचान को समझने का अवसर मिलता है। इससे नई पीढ़ी में सामाजिक जुड़ाव एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।

माहेश्वरी महिला मंडल, वारंगल की अध्यक्षा मीना किशनगोपाल लाहोटी ने भी सभी समाजजनों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

प्रगतिशील मारवाड़ी समाज, वारंगल के अध्यक्ष वेणुगोपाल मूंदड़ा ने अपने संबोधन में दीपावली के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने दीपों के पूजन की परंपरा, उसके आध्यात्मिक संदेश एवं सनातन धर्म की विशेषताओं का उल्लेख किया।

उन्होंने धर्म, संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण की आवश्यकता बताते हुए समाजजनों से अपने सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने का आग्रह किया। साथ ही धर्म एवं संस्कृति के संरक्षण के लिए कार्य करने वालों को प्रोत्साहित करने की बात कही।

अपने संबोधन में उन्होंने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों, युद्ध एवं अंतरराष्ट्रीय संकटों का भी उल्लेख किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिए गए निर्णयों की सराहना करते हुए कहा कि उनके अनुसार इन निर्णयों के कारण देश वैश्विक चुनौतियों के प्रभाव से काफी हद तक सुरक्षित रहा है, जबकि पड़ोसी देशों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

समारोह के दौरान मुख्य अतिथि विष्णुकांत भूतड़ा का परिचय प्रस्तुत करते हुए उनके संघर्षपूर्ण जीवन, व्यावसायिक उपलब्धियों एवं सफलता की यात्रा पर प्रकाश डाला गया। बताया गया कि उन्होंने जीवन में अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए अपनी मेहनत, लगन एवं दृढ़ संकल्प से महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया है।

इस अवसर पर मंचासीन सभी पदाधिकारियों ने विष्णुकांत भूतड़ा का सम्मान एवं अभिनंदन किया।

मुख्य अतिथि विष्णुकांत भूतड़ा ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में सभी समाजजनों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने संस्कार, व्यवहार, अच्छे कार्यों एवं समाज के प्रति जिम्मेदारी से अपनी विशिष्ट पहचान बनानी चाहिए।

अपने संबोधन में विष्णुकांत भूतड़ा ने स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर भी विशेष रूप से प्रकाश डाला। उन्होंने विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूकता, स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित खानपान एवं समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के महत्व पर जानकारी साझा की।

दीपावली स्नेह मिलन समारोह में शिक्षा एवं प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की दिशा में विशेष पहल की गई। समाज के प्रोफेशनल शिक्षा प्राप्त एवं स्नातकोत्तर स्तर की उपलब्धियां हासिल करने वाले होनहार विद्यार्थियों और युवाओं का सम्मान किया गया।

इसके साथ ही विभिन्न परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर सफलता हासिल करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को शिक्षा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर समाज की शैक्षणिक प्रतिभाओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढऩे के लिए प्रोत्साहित किया गया।

समारोह में मनोरंजन एवं पारिवारिक सहभागिता के उद्देश्य से इस वर्ष समाज के सभी सदस्यों के लिए विशेष रूप से कॉम्प्लिमेंट्री चांदी तंबोला एवं सोना-चांदी महातंबोला का आयोजन किया गया।

इस आयोजन में महिलाओं, पुरुषों, युवाओं एवं वरिष्ठ सदस्यों ने बड़े उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। तंबोला कार्यक्रम ने समारोह में उत्साह एवं मनोरंजन का वातावरण बनाए रखा।

मंचीय कार्यक्रम का संचालन एवं तंबोला की मेजबानी डॉ. विष्णुकुमार बल्दवा ने प्रभावशाली ढंग से की। उनके संचालन ने कार्यक्रम को रोचक एवं व्यवस्थित बनाए रखा।

दीपावली स्नेह मिलन में वारंगल माहेश्वरी समाज के लगभग 500 सदस्यों की उपस्थिति रही। समारोह में बच्चों, किशोर-किशोरियों, युवाओं, महिलाओं, पुरुषों एवं वरिष्ठ समाजजनों ने एक साथ मिलकर दीपावली की खुशियां साझा कीं।

सभी उपस्थित समाजजनों के लिए महाप्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई। सामूहिक महाप्रसाद के माध्यम से सामाजिक एकता, पारिवारिक आत्मीयता एवं आपसी स्नेह का संदेश दिया गया।

मंचीय कार्यक्रम का समापन धन्यवाद प्रस्ताव एवं राष्ट्रगीत के साथ हुआ।

दीपावली स्नेह मिलन समारोह ने समाजजनों को एक मंच पर एकत्रित कर आपसी मेलजोल बढ़ाने, सामाजिक संबंधों को मजबूत करने तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोडऩे का अवसर प्रदान किया।

समारोह में शिक्षा, संस्कार, सकारात्मक सोच, स्वास्थ्य जागरूकता, समाजसेवा एवं पारिवारिक एकता जैसे विषय प्रमुखता से उभरकर सामने आए।

कार्यक्रम के सफल आयोजन की संपूर्ण जानकारी दीपावली स्नेह मिलन के संयोजक नवल किशोर भट्टड़ एवं सहसंयोजक विशाल बंग द्वारा प्रदान की गई।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal