माहेश्वरी सौहार्द क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी के चुनाव संपन्न

माहेश्वरी सभा बेंगलुरु की सहयोगी संस्था माहेश्वरी सौहार्द क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड (सिरसी सर्कल, मैसूर रोड शाखा) के तीसरे कार्यकाल वर्ष 2026 से 2031 के लिए चुनाव कर्नाटक सौहार्द सोसाइटी के मार्गदर्शन एवं देखरेख में संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया के पश्चात आयोजित नवनिर्वाचित संचालक मंडल की प्रथम बैठक में सर्वसम्मति एवं ध्वनिमत से रमेशचंद्र लाहोटी को अध्यक्ष तथा चंद्रप्रकाश मालपानी को उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित किया गया।

नए संचालक मंडल के गठन के साथ ही संस्था के आगामी पांच वर्षों के कार्यकाल की शुरुआत हुई। सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के चयन पर माहेश्वरी समाज के पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।

सोसाइटी के तीसरे सत्र के लिए गठित 11 सदस्यीय संचालक मंडल में अध्यक्ष रमेशचंद्र लाहोटी एवं उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश मालपानी के अतिरिक्त राजकुमार भूतड़ा, सतीश कुमार काबरा, राधेश्याम राठी, सुरेश कुमार जाजू, दीपक साबू, विनीत कुमार बियाणी, विमल किशोर मालू, सरोज डागा एवं प्रीति मंत्री को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

नवनिर्वाचित संचालक मंडल आगामी पांच वर्षों तक संस्था के संचालन, विकास एवं प्रगति से जुड़े कार्यों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेगा। नवनिर्वाचित अध्यक्ष रमेशचंद्र लाहोटी ने संचालक मंडल के गठन के पश्चात अपने प्रथम उद्बोधन में सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था के सर्वांगीण विकास को और अधिक गति एवं मजबूती प्रदान करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

उन्होंने कहा कि सभी संचालक मंडल सदस्य आपसी सहयोग, निष्ठा, लगन एवं समर्पण भाव से कार्य करते हुए संस्था को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। सामूहिक प्रयासों एवं सकारात्मक सोच के माध्यम से संस्था की गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सभी संचालक मंडल सदस्यों के चयन पर माहेश्वरी सभा बेंगलुरु के अध्यक्ष भगवानदास लाहोटी सहित अन्य संबंधित एवं सहयोगी संस्थाओं के अध्यक्षों ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नया संचालक मंडल अपने अनुभव, कार्यकुशलता एवं सामूहिक प्रयासों से संस्था की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

माहेश्वरी सौहार्द क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड के तीसरे कार्यकाल के लिए नए संचालक मंडल का गठन संस्था की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संस्था के हितों को सर्वोपरि रखते हुए आपसी समन्वय और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal