माहेश्वरी सभा बठिंडा का दीपावली पारिवारिक मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न

माहेश्वरी सभा बठिंडा, माहेश्वरी महिला संगठन एवं युवा संगठन के संयुक्त तत्वावधान में दीपावली पारिवारिक मिलन समारोह का भव्य आयोजन स्थानीय वीर कॉलोनी स्थित वीर भवन में सभा अध्यक्ष गोविंद डागा के नेतृत्व में उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। समारोह में बठिंडा सहित भुच्चो, रामा एवं जैतो से बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने परिवार सहित भाग लेकर सामाजिक एकता, प्रेम एवं भाईचारे का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महेश के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं महेश वंदना के साथ हुआ। प्रीति डागा, मधु मंत्री एवं संगीता काबरा ने सुमधुर महेश वंदना प्रस्तुत की। इस अवसर पर दिवंगत समाजबंधुओं को भावभीनी श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।

समारोह का प्रमुख आकर्षण समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान रहा। इस अवसर पर 75 वर्ष अथवा उससे अधिक आयु के बुजुर्गों तथा वैवाहिक जीवन के 50 वर्ष पूर्ण कर चुके दंपतियों को दोशाला एवं मिठाई भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित समाजबंधुओं ने वरिष्ठजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस पहल ने नई पीढ़ी को बुजुर्गों के प्रति आदर एवं पारिवारिक संस्कारों का प्रेरणादायी संदेश दिया।

इसके अतिरिक्त व्यावसायिक एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में प्रोफेशनल डिग्री प्राप्त करने वाले राजेश डागा, प्रियांशी कोठारी, डॉ. राहुल, डॉ. हर्षिता एवं मोक्ष पचीसिया को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह में बच्चों, महिलाओं एवं युवाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। रूपल एवं एंजेल ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि सपना मूंदड़ा, इशिता, संगीता, शालू एवं मीनू ने मनोरंजक स्किट प्रस्तुत कर दर्शकों की सराहना प्राप्त की।

छोटे बच्चों आयुषी लखोटिया एवं भावीन मंत्री ने गायत्री मंत्र एवं महामृत्युंजय मंत्र का सुंदर उच्चारण कर सभी का मन मोह लिया। महिला एवं बाल प्रतिभागियों की नृत्य प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम में उत्साह भर दिया।

युवा संगठन द्वारा रोचक क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जबकि सविता होलानी एवं नीलम होलानी ने तंबोला का संचालन किया। सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।

शाम चार बजे से युवा संगठन के अध्यक्ष अखिल लखोटिया, सचिव रामकुमार तथा इवेंट ऑर्गेनाइजर हिमेश डागा, अंकुर मिमानी, पुष्कर मंत्री एवं अमन मालपानी के नेतृत्व में बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजेताओं को पुरस्कृत करने के साथ अन्य प्रतिभागियों को भी सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।

समारोह में लकी ड्रॉ एवं समय पर पहुंचने वाले सदस्यों के लिए पंक्चुअलिटी ड्रॉ का भी आयोजन किया गया। इसके पुरस्कार अंजू मालपानी एवं गोविंद डागा द्वारा प्रायोजित किए गए।

कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन डॉ. आशीष बालदी ने किया। सभी अतिथियों एवं समाजबंधुओं के लिए अल्पाहार तथा भोजन की व्यवस्था सोहन माहेश्वरी एवं राजेश काबरा ने संभाली।

समारोह के सफल आयोजन में प्रदेश सचिव जगदीश मंत्री, के.के. मालपानी, राजिंदर लखोटिया, सुशील मूंदड़ा, प्रवीण मिमानी, महिला संगठन अध्यक्ष अंजू मालपानी, सचिव नीलम होलानी, सविता होलानी, पूनम राठी सहित सभा, महिला संगठन एवं युवा संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।

समापन अवसर पर सभा अध्यक्ष गोविंद डागा ने सभी अतिथियों, समाजबंधुओं, सहयोगकर्ताओं एवं आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे पारिवारिक मिलन समारोह समाज में आपसी प्रेम, एकता, संस्कार एवं पारिवारिक संबंधों को सुदृढ़ बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। समारोह का समापन उत्साहपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal