| वाराणसी में 'जीवन वही, सोच नई' प्रेरणादायी सेमिनार का आयोजन |
|
|
माहेश्वरी समाज, वाराणसी के तत्वावधान में स्थानीय माहेश्वरी भवन में 'जीवन वही, सोच नई - रिश्तों का नया समीकरण' विषय पर विशेष प्रेरणादायी सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हैदराबाद की प्रख्यात मोटिवेशनल वक्ता एवं काउंसलर डॉ. अनुराधा जाजू ने जीवन में सकारात्मक सोच, मानसिक शांति, पारिवारिक सामंजस्य एवं रिश्तों में मधुरता बनाए रखने के महत्वपूर्ण सूत्र बताए। सेमिनार में समाज के लगभग 130 महिला एवं पुरुष सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। डॉ. अनुराधा जाजू ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में बेहतर करियर और व्यवसाय में सफलता प्राप्त करने के साथ परिवार में प्रेम, विश्वास और आपसी समझ बनाए रखना भी अत्यंत आवश्यक है। जीवन की वास्तविक सफलता केवल आर्थिक उपलब्धियों में नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन, पारिवारिक सुख और सकारात्मक दृष्टिकोण में भी निहित है। उन्होंने मनोविज्ञान की गहरी समझ, काउंसलिंग अनुभव एवं प्रभावशाली संवाद शैली के माध्यम से जीवन की विभिन्न परिस्थितियों को नए नजरिए से देखने की प्रेरणा दी। विशेष रूप से तनाव एवं चुनौतियों के बीच मानसिक संतुलन बनाए रखने, माता-पिता और नई पीढ़ी के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा पारिवारिक रिश्तों में भावनात्मक जुड़ाव बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन किया। सेमिनार में आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास, सकारात्मक चिंतन और बदलते सामाजिक परिवेश में रिश्तों के नए समीकरणों पर भी चर्चा हुई। डॉ. जाजू ने बताया कि आपसी सम्मान, संवाद, धैर्य और एक-दूसरे की भावनाओं को समझने से पारिवारिक संबंधों को अधिक मजबूत एवं मधुर बनाया जा सकता है। कार्यक्रम का सफल संयोजन गिरिराज कोठारी, पुष्पा धूत, प्रीति मंत्री एवं लव कौशिक मनियार ने किया। आयोजन में कृष्ण कुमार काबरा एवं प्रदीप जाजू का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में माहेश्वरी परिषद के अध्यक्ष दीपक दुजारी ने डॉ. अनुराधा जाजू, आयोजन संयोजकों, सहयोगकर्ताओं एवं उपस्थित समाजजनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने ऐसे प्रेरणादायी आयोजनों को समाज में सकारात्मक सोच, पारिवारिक एकता और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। सेमिनार ने उपस्थित समाजजनों को जीवन के प्रति नई सोच विकसित करने तथा पारिवारिक रिश्तों को अधिक सुदृढ़ बनाने का प्रेरक संदेश दिया। |
|
| 16 November 2026 |
| कमल आसन लक्ष्मी जी का : सौ संगीता लाहोटी, पुणे |
|
| 16 November 2026 |
| वाराणसी में 'जीवन वही, सोच नई' प्रेरणादायी सेमिनार का आयोजन |