| माहेश्वरी नवयुवक मंडल सूरत का दीपावली स्नेह मिलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न |
|
|
माहेश्वरी नवयुवक मंडल, सूरत की ओर से दीपावली के पावन अवसर पर 9 नवंबर, सोमवार को माहेश्वरी भवन, सिटी लाइट में भव्य दीपावली स्नेह मिलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। समारोह में 2 हजार से अधिक समाजबंधुओं ने सहभागिता निभाई। इस अवसर पर सभी ने एक-दूसरे को दीपावली एवं रामा-श्यामा की शुभकामनाएं दीं तथा सामूहिक भोजन प्रसादी का लाभ लिया। विशाल जनसमूह की उपस्थिति ने समारोह को सामाजिक एकता, आत्मीयता एवं पारिवारिक सौहार्द के उत्सव का स्वरूप प्रदान किया। मंडल के अध्यक्ष विष्णुप्रसाद राठी ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य माहेश्वरी समाज की प्राचीन एवं आत्मीय रामा-श्यामा की परंपरा को जीवंत बनाए रखना तथा समाज में आपसी स्नेह, भाईचारे एवं एकजुटता को और अधिक सुदृढ़ करना है। उन्होंने अपने स्वागत उद्बोधन में सभी अतिथियों एवं समाजबंधुओं का अभिनंदन करते हुए मंडल की भावी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही जनहित एवं समाजसेवा के उद्देश्य से चिकित्सा सेवा प्रारंभ करने की प्रस्तावित योजना की रूपरेखा भी प्रस्तुत की। मंडल के उपाध्यक्ष गौरीशंकर राठी ने बताया कि समारोह में महिला शक्ति द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक घूमर नृत्य ने राजस्थानी संस्कृति की मनमोहक छटा बिखेरी। इसके साथ ही भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति ने उपस्थित समाजबंधुओं को भावविभोर कर दिया। दीपावली के उल्लास, धार्मिक आस्था एवं सांस्कृतिक परंपराओं से सजी इन प्रस्तुतियों को उपस्थितजनों ने खूब सराहा। संस्था के सहसचिव गोपाल गांधी ने बताया कि समारोह का एक प्रमुख आकर्षण समाज की प्रतिभाओं का सम्मान रहा। इसके अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम के संयोजक मंडल के कोषाध्यक्ष दिनेश चांडक एवं संगठन मंत्री राजेश बागड़ी रहे। उन्होंने बताया कि प्रतिभा सम्मान के लिए 400 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जो समाज की प्रतिभाओं की सक्रियता एवं उपलब्धियों का परिचायक है। मंडल के सचिव मालचंद चांडक ने समारोह में पधारे समस्त समाजबंधुओं, अतिथियों, भामाशाहों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने में मंडल की संपूर्ण कार्यकारिणी एवं आमंत्रित सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में रामरतन भूतड़ा, मुरली सोमानी, महेश बिहानी, पवन बजाज, भगवती प्रसाद गग्गड़, हरिप्रकाश पेड़ीवाल, कृष्ण राठी, अतिन बाहेती, प्रतिभा मोलासरिया, श्वेता जाजू एवं नरेंद्र साबू सहित मंडल के पूर्व अध्यक्षगण, समाज के भामाशाह, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य समाजबंधु उपस्थित रहे। समारोह का मंच संचालन शिखा राठी एवं शिल्पा मंत्री ने प्रभावशाली ढंग से किया। वहीं खुशबू भूतड़ा एवं विनिता फोफलिया ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए कोरियोग्राफी की जिम्मेदारी निभाई। सामूहिक सहभागिता, सांस्कृतिक रंगारंग प्रस्तुतियों, प्रतिभाओं के सम्मान एवं आत्मीय मिलन के साथ यह आयोजन समाज में एकता, सहयोग और पारस्परिक सद्भाव का संदेश देते हुए यादगार बन गया।
|