सिरसा में धूमधाम से मनाया दीपावली परिवार मिलन समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

रानियां रोड स्थित माहेश्वरी भवन सिरसा में माहेश्वरी समाज की ओर से दीपावली परिवार मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में हिसार मंडल आयुक्त गीता भारती मुख्य अतिथि तथा हरियाणा, पंजाब, हिमाचल एवं जम्मू-कश्मीर प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आनंद बियानी अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने समारोह में भाग लिया।

माहेश्वरी चैरिटी ट्रस्ट के प्रवक्ता राम माहेश्वरी ने बताया कि समारोह में ट्रस्ट अध्यक्ष अजय राठी, पूर्व अध्यक्ष कमलेश पप्पू राठी, सचिव संजय बागड़ी सहित समाज के वरिष्ठ सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि गीता भारती का स्वागत किया। इस अवसर पर ललित मोहन शारदा, डॉ. गौरी शंकर सोमानी, महेश राठी, बजरंग सारदा, पुरुषोत्तम मंत्री, अश्विनी राठी, राजकुमार मूंदडा, प्रमोद बियानी, सुनील बियानी, हरीश बियानी, महेश सारदा, शिवकुमार मंत्री, पदम बियानी, त्रिलोक राठी, मुकेश मंत्री, निर्मल बागड़ी, गौरी शंकर राठी, राजीव चांडक, प्रवीण चांडक, पवन लखोटिया, रूपेश मरदा, अमिता मंत्री, सुमन बियानी, आशा राठी एवं प्रियंका शारदा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि गीता भारती ने अपने संबोधन में कहा कि माहेश्वरी समाज ने अपनी मेहनत, उद्यमशीलता और दूरदर्शिता से देश के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। व्यापार, उद्योग, शिक्षा, सेवा और परोपकार के क्षेत्र में समाज का योगदान उल्लेखनीय है। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति में महिलाओं का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कार्यक्रम अध्यक्ष आनंद बियानी द्वारा इस सत्र में देशभर में 100 आईएएस अधिकारी तैयार करने के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए उन्होंने समाज की बेटियों से इस अभियान में 80 प्रतिशत योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि परिवार मिलन जैसे आयोजन नई पीढ़ी को संस्कृति, संस्कार और गौरवशाली परंपराओं से जोडऩे का सशक्त माध्यम हैं। समाज की एकता और सेवा भावना को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

अध्यक्षीय संबोधन में आनंद बियानी ने माहेश्वरी समाज के गौरवशाली इतिहास, वर्तमान गतिविधियों और भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज के पूर्वजों ने परिश्रम, ईमानदारी और व्यापारिक कौशल से देश की प्रगति में अहम योगदान दिया है। वर्तमान में समाज द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता, युवाओं को अवसर तथा आवश्यकता पडऩे पर ऋण सुविधा उपलब्ध करवाने जैसे जनकल्याणकारी कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज की उन्नति का आधार है। इसी उद्देश्य से उच्च शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और व्यावसायिक कौशल को प्रोत्साहित किया जा रहा है। भविष्य में शिक्षा, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और युवा मार्गदर्शन से जुड़े प्रकल्पों का विस्तार किया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी शिक्षित, संस्कारवान एवं आत्मनिर्भर बन सके।

समारोह में बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं ने ग्रुप डांस, एकल नृत्य, नाटक और लघु नाटिकाओं की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। मनोरंजन के साथ सामाजिक संदेशों से सजी प्रस्तुतियों ने उपस्थितजनों का मन मोह लिया। दर्शकों ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्य अतिथि गीता भारती ने सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह का समापन दीपावली की शुभकामनाओं, आपसी मेल-मिलाप और रात्रि भोज के साथ हुआ। आयोजन ने समाज में पारिवारिक आत्मीयता, सामाजिक एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत किया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal