श्री माहेश्वरी सभा, चेन्नई द्वारा 15 नवंबर को 'आपका भविष्य, आपका निर्णय' विषय पर कार्यशाला का आयोजन

चेन्नई। विद्यार्थियों को भविष्य की शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न अवसरों की जानकारी देने तथा उनकी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुरूप सही करियर चुनने में मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से श्री माहेश्वरी सभा, चेन्नई द्वारा दीपोत्सव-2026 के अंतर्गत रविवार, 15 नवंबर 2026 को करियर मार्गदर्शन कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। 'आपका भविष्य, आपका निर्णय' विषय पर आयोजित यह कार्यशाला प्रात: 9 बजे डी.जी. वैष्णव महाविद्यालय, अरुम्बक्कम, चेन्नई में होगी। इसमें विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों को भी आमंत्रित किया गया है।

कार्यशाला में मुख्य मार्गदर्शक के रूप में स्ट्रेटेवो के संस्थापक श्री राजेश शर्मा उपस्थित रहेंगे। उन्हें मानव संसाधन एवं प्रशिक्षण के क्षेत्र में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। वे विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को शिक्षा के विभिन्न विकल्पों, बदलते समय में उभरती करियर संभावनाओं तथा उपयुक्त व्यवसाय एवं रोजगार के चयन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान करेंगे।

श्री माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष श्री गौरी शंकर राठी ने बताया कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों के भविष्य की दिशा निर्धारित करने में सही शिक्षा एवं करियर का चयन अत्यंत महत्वपूर्ण हो गया है। अनेक बार विद्यार्थी और अभिभावक पर्याप्त जानकारी के अभाव में सीमित विकल्पों के आधार पर निर्णय ले लेते हैं। सभा का प्रयास है कि विद्यार्थियों को विशेषज्ञों के माध्यम से विभिन्न शैक्षणिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध हो, जिससे वे अपनी रुचि, योग्यता और क्षमता को पहचानकर भविष्य के लिए उचित निर्णय ले सकें।

सभा के सचिव श्री संजय मूंदड़ा ने बताया कि दसवीं एवं बारहवीं कक्षा के बाद विद्यार्थियों के सामने आगे की पढ़ाई और करियर को लेकर अनेक सवाल होते हैं। विज्ञान, वाणिज्य एवं कला संकाय में से उचित विकल्प चुनने, उच्च शिक्षा के लिए उपयुक्त डिग्री एवं पाठ्यक्रम का चयन करने, नौकरी के अवसर तलाशने अथवा स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ करने जैसे विषयों पर सही जानकारी मिलना आवश्यक है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए इस कार्यशाला की योजना बनाई गई है, ताकि विद्यार्थी और अभिभावक विशेषज्ञ से सीधे संवाद कर अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम का प्रबंधन कर रहे श्री माहेश्वरी युवा मंडल, चेन्नई के अध्यक्ष श्री सुदर्शन मंत्री ने बताया कि युवा मंडल द्वारा इस कार्यशाला को उपयोगी एवं सार्थक बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। प्रयास है कि अधिकाधिक विद्यार्थी अपने अभिभावकों के साथ कार्यशाला में उपस्थित हों और विशेषज्ञ के अनुभव का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को समय रहते सही मार्गदर्शन मिलना उनके शैक्षणिक एवं व्यावसायिक भविष्य को बेहतर दिशा देने में सहायक सिद्ध हो सकता है।

इस कार्यशाला का आयोजन श्री माहेश्वरी सभा, चेन्नई द्वारा किया जा रहा है तथा संपूर्ण कार्यक्रम का प्रबंधन श्री माहेश्वरी युवा मंडल, चेन्नई के सहयोग से किया जा रहा है। सभा ने समाज के सभी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से इस महत्वपूर्ण एवं उपयोगी कार्यशाला में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने तथा विशेषज्ञ मार्गदर्शन का लाभ उठाने की अपील की है।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal