|
नर सेवा ही नारायण सेवा है, इस विचार को चरितार्थ करते हुए माहेश्वरी परिषद वाराणसी की ओर से दिनांक 6 नवम्बर 2026, धनतेरस के शुभ अवसर पर संकट मोचन मंदिर के समीप स्थित कुष्ठाश्रम में सेवा एवं सहयोग का सराहनीय आयोजन किया गया। इस अवसर पर परिषद के सदस्यों ने कुष्ठाश्रम में रहने वाली महिलाओं को नई साडिय़ां तथा पुरुषों को नए कुर्ते-पायजामे वितरित किए। साथ ही सभी के लिए कचौड़ी एवं जलेबी के नाश्ते की व्यवस्था की गई। इसके अतिरिक्त फल, मिठाई तथा दीपावली के पावन पर्व को ध्यान में रखते हुए दीपक, तेल और बाती भी भेंट किए गए, ताकि सभी परिवार दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास एवं खुशियों के साथ मना सकें।
इस पुनीत सेवा कार्य में लाला चांडक, सुशील दमानी, प्रदीप जाजू, गोपाल दमानी एवं राकेश दरक का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर माहेश्वरी परिषद के अध्यक्ष दीपक दुजारी एवं मंत्री राकेश कचोलिया ने सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया तथा समस्त समाजजनों एवं उपस्थित लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। परिषद का यह सेवा कार्य समाज में मानवीय संवेदना, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त करने वाला रहा।
|