पुणे में नि:शुल्क मिनी मैचिंग उच्चशिक्षित परिचय सम्मेलन संपन्न, 104 युवक-युवतियों ने कराया पंजीकरण

माहेश्वरी समाज में बढ़ती वैवाहिक समस्याओं के समाधान की दिशा में महाराष्ट्र प्रदेश माहेश्वरी सभा परिचय सम्मेलन समिति द्वारा एक अभिनव पहल करते हुए  1 नवंबर 2026 को पुणे स्थित माहेश्वरी विद्या प्रचारक मंडल के राठी हॉल में नि:शुल्क मिनी मैचिंग उच्चशिक्षित परिचय सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। इस अनूठे आयोजन में 53 युवतियों एवं 51 युवकों सहित कुल 104 विवाह योग्य प्रत्याशियों ने पंजीकरण कराया। सम्मेलन की विशेषता यह रही कि प्रत्येक प्रत्याशी को एक ही स्थान पर लगभग 50 संभावित जीवनसाथियों से मिलने, बातचीत करने और एक-दूसरे को समझने का अवसर प्राप्त हुआ।

इस अभिनव सम्मेलन की परिकल्पना महाराष्ट्र प्रदेश माहेश्वरी सभा के उपाध्यक्ष रहे तथा पिछले 24 वर्षों से प्रदेश परिचय सम्मेलन समिति का नेतृत्व कर रहे पुणे निवासी श्रीकांत रामनाथ लखोटिया ने की। उल्लेखनीय है कि लखोटिया पिछले 33 वर्षों से पुणे में निरंतर नि:शुल्क वैवाहिक सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।

आयोजक श्रीकांत लखोटिया ने बताया कि प्रारंभ में सम्मेलन में 25 युवक एवं 25 युवतियों को शामिल करने की योजना थी, लेकिन समाजबंधुओं के विशेष आग्रह एवं उत्साह के चलते मात्र चार-पांच दिनों में 53 युवतियों तथा 51 युवकों का पंजीकरण हो गया। सीमित संख्या में सार्थक संवाद की व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से इसके बाद अन्य इच्छुक प्रत्याशियों का पंजीकरण स्वीकार नहीं किया जा सका।

सम्मेलन का शुभारंभ भगवान महेश के पूजन के साथ हुआ। इस अवसर पर माहेश्वरी विद्या प्रचारक मंडल की ट्रस्टी सुशीला राठी, अलका लखोटिया, पुणे जिलाध्यक्ष अभय करवा, जिला महिला संगठन अध्यक्ष सुशीला चांडक, जिला युवा अध्यक्ष चिराग मूंदड़ा, प्रसिद्ध निर्माण व्यवसायी कैलास सारडा, सुधीर नागोरी, उद्यमी अशोक काबरा, आशीष बिहाणी तथा पूर्व महिला प्रदेशाध्यक्ष पुष्पा तोष्णीवाल सहित अनेक गणमान्य समाजबंधुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

सम्मेलन में पुणे के प्रसिद्ध एंकर अभय जाजू ने रोचक गेम्स, संवादात्मक गतिविधियों एवं मनोरंजक कार्यक्रमों का प्रभावशाली संचालन किया। इन गतिविधियों के माध्यम से प्रत्येक प्रत्याशी को लगभग 50 अन्य प्रत्याशियों से परिचय प्राप्त करने, विचारों का आदान-प्रदान करने तथा उनकी शिक्षा, व्यक्तित्व, रुचियों एवं अपेक्षाओं को समझने का अवसर मिला।

परंपरागत परिचय सम्मेलनों से अलग इस आयोजन में व्यक्तिगत संवाद को विशेष प्राथमिकता दी गई। अभय जाजू की सरल, सहज एवं प्रभावशाली संचालन शैली को सभी ने सराहा। कार्यक्रम संचालन में नीरज लखोटिया, तेजस्विनी चांडक एवं नेहा कोंगटा ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

सम्मेलन की परिकल्पना के संबंध में श्रीकांत लखोटिया ने बताया कि वे वर्ष 1987 में आयोजित प्रथम परिचय सम्मेलन से लेकर अब तक विभिन्न परिचय सम्मेलनों से जुड़े रहे हैं। पिछले 24 वर्षों से महाराष्ट्र प्रदेश की परिचय सम्मेलन समिति के प्रमुख के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में आयोजित बड़े परिचय सम्मेलनों में सामान्यत: 1200 से 1500 युवक-युवतियां भाग लेते हैं, जिनमें बारहवीं कक्षा तक शिक्षित प्रत्याशियों से लेकर उच्चशिक्षित युवक-युवतियों, विधवा एवं विधुर प्रत्याशियों तक की सहभागिता रहती है। इनके अतिरिक्त लगभग दो से तीन हजार अभिभावक भी उपस्थित होते हैं।

इतनी बड़ी संख्या में सहभागिता के कारण कई बार भीड़भाड़ एवं व्यवस्थागत कठिनाइयों के चलते प्रत्याशियों को पर्याप्त व्यक्तिगत संवाद का अवसर नहीं मिल पाता। इसी अनुभव से उनके मन में सीमित संख्या में प्रत्याशियों का ऐसा सम्मेलन आयोजित करने का विचार आया, जहां सभी एक ही छत के नीचे अनेक संभावित जीवनसाथियों से मिल सकें।

उन्होंने कहा कि इस अभिनव प्रयोग का उद्देश्य कम समय में अधिक से अधिक उपयुक्त परिचय उपलब्ध कराना तथा जीवनसाथी के चयन की प्रक्रिया को सहज और प्रभावी बनाना था। आयोजन की सफलता पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। साथ ही पुणे में प्रगति मंडल एवं महेश सेवा संघ द्वारा आयोजित किए जाने वाले बड़े परिचय सम्मेलनों की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की भी सराहना की।

सम्मेलन की सफलता में सुरेश बूब, मयूर धूत, कल्याणी जाजू, संगीता लाहोटी, कल्पना हेड़ा, मेघना पनपालीया, सुशील मंत्री, सत्यनारायण पलोड़ एवं लक्ष्मीकांत लखोटिया सहित अनेक समाजबंधुओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। आयोजन के लिए माहेश्वरी विद्या प्रचारक मंडल के अध्यक्ष शेखर मूंदड़ा एवं ट्रस्टी सुशीला राठी ने संस्था का राठी हॉल नि:शुल्क उपलब्ध कराया। इसी प्रकार परिणय ऐप के डायरेक्टर के. सी. चांडक ने आयोजन के लिए अपना ऐप उपलब्ध कराकर विशेष सहयोग प्रदान किया। ऐप संबंधी व्यवस्थाओं में सूरज बंग का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।

श्रीकांत लखोटिया ने बताया कि आगामी 9 एवं 10 जनवरी 2027 को पुणे जिला माहेश्वरी प्रगति मंडल की युवा समिति द्वारा एक बड़े परिचय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने विवाह योग्य युवक-युवतियों एवं उनके अभिभावकों से इस सम्मेलन में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया।

विशेष उल्लेखनीय है कि श्रीकांत लखोटिया पिछले 33 वर्षों से समाज में वैवाहिक संबंध स्थापित कराने के उद्देश्य से नि:स्वार्थ सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। वे प्रत्येक शनिवार को पूरे दिन अपने निवास स्थान पर समाजबंधुओं को नि:शुल्क वैवाहिक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराते हैं। विवाह संबंधी सेवाओं के इच्छुक समाजबंधु उनसे मोबाइल नंबर 9890185999 पर संपर्क कर सकते हैं।

इस अवसर पर लखोटिया ने समाज में बढ़ती वैवाहिक समस्याओं एवं बदलती सामाजिक परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जन्मदर में असंतुलन, विवाह संबंधी बढ़ती अपेक्षाएं, महानगरों में ही विवाह करने की प्राथमिकता, अधिक आय एवं स्वयं के मकान जैसी शर्तें, पारिवारिक हस्तक्षेप, तलाक के बढ़ते मामले तथा अंतरजातीय विवाह जैसे विषय समाज में वैवाहिक संबंधों को लेकर नई चुनौतियां प्रस्तुत कर रहे हैं।

उन्होंने इन परिस्थितियों पर समाज में सकारात्मक चिंतन, संवाद एवं व्यावहारिक समाधान की आवश्यकता बताई। साथ ही आशा व्यक्त की कि नवनियुक्त महाराष्ट्र प्रदेश माहेश्वरी सभा अध्यक्ष बृजगोपाल तोष्णीवाल एवं उनकी टीम वैवाहिक समस्याओं के समाधान की दिशा में गंभीरता से प्रयास करेगी।

विवाह योग्य युवक-युवतियों को महत्वपूर्ण संदेश देते हुए श्रीकांत लखोटिया ने कहा, 'आकर्षण रूप, सौंदर्य और धन का नहीं, बल्कि विचारों, संस्कारों और व्यक्तित्व का होना चाहिए।' उन्होंने जीवनसाथी के चयन में आपसी समझ, संस्कार, व्यक्तित्व एवं वैचारिक सामंजस्य को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया। जब उनसे पूछा गया कि इतने वर्षों से नि:शुल्क वैवाहिक सेवा प्रदान करने से उन्हें क्या लाभ मिलता है, तो उन्होंने कहा, 'मनुष्य के जीवन में सच्चा आनंद तभी मिलता है, जब आप स्वयं भी आनंदित हों और अपने समाज को भी आनंद दें।'

श्रीकांत लखोटिया की 33 वर्षों की नि:स्वार्थ सामाजिक सेवा एवं मिनी मैचिंग परिचय सम्मेलन का यह सफल अभिनव प्रयोग समाज में वैवाहिक संबंधों को सुगम बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में सामने आया है। इस आयोजन ने सीमित संख्या में प्रत्याशियों के बीच सार्थक संवाद के माध्यम से परिचय सम्मेलन की एक नई कार्यपद्धति प्रस्तुत की है, जो भविष्य में अन्य स्थानों पर भी ऐसे आयोजनों के लिए प्रेरणादायी साबित हो सकती है।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal