| कोयंबटूर में सुरभि महिला मंडल ने सामूहिक रूप से मनाया करवा चौथ पर्व |
|
|
सुरभि महिला मंडल, कोयंबटूर के तत्वावधान में 29 अक्टूबर 2026 को स्थानीय माहेश्वरी भवन में सामूहिक करवा चौथ पर्व श्रद्धा, उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता कर अपने पतियों की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखमय वैवाहिक जीवन की मंगलकामना की। कार्यक्रम में धार्मिक आस्था के साथ मनोरंजक प्रतियोगिताओं एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों का सुंदर समन्वय देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शिव एवं माता पार्वती की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना के साथ हुआ। उपस्थित महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं अखंड सौभाग्य की कामना की। इस अवसर पर अंताक्षरी, क्विज सहित विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं का संचालन श्रीमती अनु कांकाणी, उर्मिला कांकाणी, सरिता फोमरा, पूजा चितलांगिया एवं श्रद्धा चितलांगिया ने किया। दक्षिण भारत में मानसून के कारण इस मौसम में आसमान प्राय: बादलों से घिरा रहता है, जिससे चंद्रदर्शन में कठिनाई होती है। हालांकि, इस बार अनुकूल मौसम के चलते चंद्रमा समय पर दिखाई दिया, जिससे व्रतधारी महिलाओं में विशेष उत्साह रहा। सभी महिलाओं ने परंपरानुसार चंद्रमा को अध्र्य अर्पित कर छलनी से चंद्रदर्शन की रस्म निभाई तथा अपने पतियों की दीर्घायु एवं सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के समापन पर सभी के लिए सामूहिक भोजन की सुंदर व्यवस्था की गई, जिसकी जिम्मेदारी श्री प्रदीप करनानी ने संभाली। उनकी ओर से की गई सुव्यवस्थित भोजन व्यवस्था की सराहना की गई। इस अवसर पर करवा चौथ पर्व के व्यापक सामाजिक एवं पारिवारिक महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। यह पर्व केवल पति की लंबी आयु की कामना तक सीमित नहीं, बल्कि दांपत्य जीवन में प्रेम, विश्वास, समर्पण, आपसी सम्मान एवं सहयोग का भी प्रतीक है। पति-पत्नी का एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनना तथा जीवनभर परस्पर सम्मान एवं विश्वास बनाए रखना ही इस पर्व का वास्तविक संदेश है। आयोजन ने महिलाओं के बीच आपसी स्नेह, एकता एवं सामाजिक सद्भाव की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।
|
|
| 03 November 2026 |
| कैलाश टवाणी पाली दो संस्थाओं में निर्विरोध पदाधिकारी निर्वाचित |