राष्ट्रीय नृत्य प्रतियोगिता में डॉ. रूपाली सोनी ने बढ़ाया सीहोर का गौरव, जीते दो प्रतिष्ठित पुरस्कार

अनास इंडिया द्वारा इंदौर में 30 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक आयोजित 23वें कल्चरल नेशनल डांस कॉन्टेस्ट 'मालवा नृत्य महोत्सव-2026Ó में सीहोर की प्रसिद्ध नृत्य संस्था सरस्वती कथक डांस कला केंद्र ने शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। प्रतियोगिता में देशभर से 550 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। संस्था की संचालिका एवं नृत्यगुरु डॉ. रूपाली सोनी ने सुपर मॉम कैटेगरी में प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने के साथ ही प्रतिष्ठित बेस्ट कोरियोग्राफी अवार्ड भी अपने नाम किया।

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सरस्वती कथक डांस कला केंद्र की कुल 12 नृत्य प्रस्तुतियों में से 11 ने शीर्ष तीन स्थानों में जगह बनाकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। एकल एवं समूह नृत्य की विभिन्न श्रेणियों में संस्था के कलाकारों ने अपनी कला, उत्कृष्ट नृत्य शैली, भाव-भंगिमाओं एवं आकर्षक प्रस्तुतियों से विशेष पहचान बनाई। आयोजक संस्था अनास इंडिया द्वारा प्रतिभागियों को शील्ड, प्रमाणपत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में संस्था की 11 प्रस्तुतियों का शीर्ष तीन में स्थान प्राप्त करना सीहोर के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

डॉ. रूपाली सोनी की इस उपलब्धि पर सीहोर विधायक सुदेश राय एवं समाजसेवी श्रीमती अरुणा सुदेश राय ने क्रीसेंट गरबा महोत्सव-2026 के दौरान उन्हें ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अरुणा सुदेश राय ने कहा कि डॉ. रूपाली सोनी सीहोर का गौरव हैं। उन्होंने अपने समर्पण, परिश्रम एवं उत्कृष्ट प्रशिक्षण से अनेक प्रतिभाओं को नृत्य के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया है। उनकी उपलब्धियां न केवल सीहोर, बल्कि सम्पूर्ण क्षेत्र के उभरते कलाकारों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

डॉ. रूपाली सोनी की इस दोहरी सफलता एवं सरस्वती कथक डांस कला केंद्र के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर माहेश्वरी समाज सीहोर, समाजजनों तथा विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाइयां एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal