राजनांदगांव माहेश्वरी समाज ने हर्षोल्लास से मनाया शरदोत्सव अमृत पर्व

श्री माहेश्वरी समाज, राजनांदगांव द्वारा शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर 'शरदोत्सव अमृत पर्वÓ का भव्य आयोजन उत्साह, श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में किया गया। श्री माहेश्वरी पंचायत, महिला मंडल एवं युवा मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण संस्कारधानी में चारों धाम के जीवंत दर्शन रहे, जिसने उपस्थित समाजबंधुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराई।

आयोजन के मुख्य सूत्रधार एवं समाज अध्यक्ष सत्यनारायण डागा के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। उनके अथक प्रयासों एवं सक्रिय सहभागिता से इस अनूठे आयोजन को साकार रूप मिला। समारोह में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं एवं सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।

आयोजन को सफल बनाने में रूपाली गांधी का विशेष सहयोग एवं सक्रिय योगदान रहा। उन्होंने महिला मंडल के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रम की व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं सुषमा राठी, पिंकी धूत सहित महिला मंडल की समस्त सदस्यों एवं प्रतिभागियों ने पूर्ण समर्पण और उत्साह के साथ अपनी सहभागिता निभाकर आयोजन को सफल बनाया।

समारोह में अतिथि के रूप में अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के अर्थमंत्री नारायणदास राठी, नंदकिशोर राठी, रूपा मूंदड़ा, नीरज चांडक, दामोदरदास मूंदड़ा, बृजकिशोर सुरजन, नरेंद्र लोहिया, संजय लढ्ढा, पवन डागा, पुरुषोत्तम गांधी, सुषमा राठी एवं जय राठी सहित अनेक गणमान्य समाजबंधु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन पुरुषोत्तम गांधी एवं अरुण डागा ने किया। आयोजन के दौरान समाजबंधुओं में विशेष उत्साह एवं आपसी आत्मीयता देखने को मिली। महिला मंडल, युवा मंडल एवं पंचायत के सामूहिक प्रयासों ने सामाजिक समरसता और संगठनात्मक एकता का संदेश दिया।

समारोह के समापन पर अध्यक्ष सत्यनारायण डागा ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, महिला मंडल, युवा मंडल, प्रतिभागियों एवं समाजबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और ऐसे आयोजन सामाजिक संबंधों को मजबूत बनाने के साथ नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जोडऩे का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों को बधाई एवं साधुवाद दिया। उक्त जानकारी तरुण कुमार सादानी ने दी।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal