| सरस्वतीदेवी रामकिशोर धूत चैरिटेबल ट्रस्ट एवं कोल्हापुर जिला माहेश्वरी सभा की सराहनीय पहल |
|
|
इचलकरंजी। गणेशोत्सव के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा गणेश विसर्जन जुलूस को शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराने में पुलिसकर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। पुलिसकर्मी दिन-रात मुस्तैदी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य और पोषण की चिंता करते हुए प्रतिवर्ष 'तंदुरुस्त बंदोबस्त' उपक्रम का आयोजन करना एक अनुकरणीय सामाजिक पहल है। सौ. सरस्वतीदेवी रामकिशोर धूत चैरिटेबल ट्रस्ट एवं कोल्हापुर जिला माहेश्वरी सभा द्वारा किया जा रहा यह सेवाकार्य सामाजिक दायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है। इस प्रकार के उपक्रमों से औद्योगिक शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जुटे पुलिस विभाग को महत्वपूर्ण सहयोग एवं प्रोत्साहन मिलता है। यह विचार अपर पुलिस अधीक्षक अण्णासाहेब जाधव ने व्यक्त किए। सौ. सरस्वतीदेवी रामकिशोर धूत चैरिटेबल ट्रस्ट एवं कोल्हापुर जिला माहेश्वरी सभा के संयुक्त तत्वावधान में इस वर्ष भी गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों के लिए 'तंदुरुस्त बंदोबस्त' उपक्रम आयोजित किया गया। स्थानीय मराठा मंडल सांस्कृतिक भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अण्णासाहेब जाधव, पुलिस उपाधीक्षक विक्रांत गायकवाड, माहेश्वरी सभा के चंदनमल मंत्री एवं डॉ. एस. पी. मर्दा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में लगभग 850 पुलिसकर्मियों को पौष्टिक आहार के रूप में चिक्की, राजगिरा लड्डू एवं मिनरल वाटर की बोतलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक जाधव ने कहा कि गणेशोत्सव जैसे बड़े धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के दौरान पुलिसकर्मियों को लगातार कई घंटों तक ड्यूटी पर तैनात रहना पड़ता है। ऐसे समय में उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखना अत्यंत आवश्यक है। माहेश्वरी समाज एवं धूत चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा प्रतिवर्ष की जा रही यह पहल निश्चित रूप से प्रशंसनीय और अन्य सामाजिक संस्थाओं के लिए प्रेरणादायक है। कार्यक्रम में कोल्हापुर जिला माहेश्वरी सभा के जिलाध्यक्ष नितिन धूत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रास्ताविक उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि इचलकरंजी पुलिस दल ने इस वर्ष शहर में गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण सराहनीय है। धूत ने बताया कि सकाळ मीडिया समूह के सहयोग से 'तंदुरुस्त बंदोबस्त' उपक्रम सहित पिछले कुछ वर्षों से विभिन्न सामाजिक एवं जनहितकारी गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज की सुरक्षा में निरंतर जुटे पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य की देखभाल करना भी समाज का नैतिक दायित्व है। इसी भावना से आगामी समय में पुलिसकर्मियों के लिए एक भव्य स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा, ताकि उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुविधाएं एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा सके। इस अवसर पर श्रीकांत मंत्री ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए सामाजिक सेवा के इस उपक्रम की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों एवं पुलिस अधिकारियों का माहेश्वरी युवा संगठन द्वारा प्रकाशित 'आरोग्यम' पुस्तिका एवं शॉल भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन मुकेश खाबाणी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन पंडित कोंडेकर ने किया। आयोजन को सफल बनाने में माहेश्वरी सभा के शिवप्रसाद तापडिय़ा, सुरेंद्र हेड़ा, हरीश सारडा, आनंद बांगड़, कृष्णकांत भूतड़ा एवं दिनेश बाहेती का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर पुलिस निरीक्षक शरद मेमाणे, महेश चव्हाण, गजेंद्र लोहार, सचिन सूर्यवंशी, प्रमोद शिंदे, गोरख चौधर एवं सहायक पुलिस निरीक्षक विकास शिंदे विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त माहेश्वरी सभा के लालचंद गट्टाणी, शांतकिशोर मंत्री, सुरेश दरगड़, रामनिवास मूंदड़ा, लक्ष्मीकांत बांगड़, बजरंग काबरा, दयानंद बाहेती, रामुशेठ मूंदड़ा, श्रीकांत बंग, रामनारायण गट्टाणी, नंदकिशोर भूतड़ा, धनराज डाल्या, सत्यनारायण धूत, मनोज राठी, मुरली हेड़ा, सुरेश बांगड़, बालकिसन टुवाणी, उमेश राठी, संजय सोमाणी, रामदेव राठी एवं मनोज सारडा सहित समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। गणेश विसर्जन जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान, सहयोग और उनके स्वास्थ्य की चिंता को समर्पित यह आयोजन सामाजिक सहभागिता एवं सेवाभाव का प्रेरणादायक उदाहरण बना। 'तंदुरुस्त बंदोबस्त' उपक्रम के माध्यम से माहेश्वरी समाज ने एक बार फिर सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी सक्रिय भागीदारी का परिचय दिया।
|