मद्रास माहेश्वरी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा दिव्य एवं भव्य सुदर्शन हवन संपन्न

मद्रास माहेश्वरी चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में सुख-शांति, आरोग्य, समृद्धि एवं सर्वजन कल्याण की मंगलकामना को लेकर सोमवार, 28 सितंबर को श्री फूसाराम चंपालाल मूंदड़ा माहेश्वरी भवन में दिव्य एवं भव्य सुदर्शन हवन का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रात: विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ गौ पूजा से हुआ। गौ माता का पूजन एवं आरती कर समाज, परिवार एवं समस्त जनों के सुख, शांति, आरोग्य एवं समृद्धि की मंगलकामना की गई। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सुदर्शन हवन की धार्मिक विधियां प्रारंभ हुईं। हवन की पवित्र आहुतियों एवं वैदिक मंत्रोच्चार से माहेश्वरी भवन का वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हवन में आहुतियां अर्पित कर सर्वजन कल्याण की प्रार्थना की।

ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी श्री महेंद्र मोहता ने बताया कि विशेष सुदर्शन हवन के लिए केरल से विद्वान एवं अनुभवी पंडितों का समूह चेन्नई आया था। पंडित मणिकंडन के नेतृत्व में वैदिक परंपरा एवं विधि-विधान के अनुसार धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया। उन्होंने बताया कि सुदर्शन हवन के माध्यम से भगवान श्री सुदर्शन की आराधना करते हुए 'सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय' की भावना से मंगलकामना की गई।

31 विद्वान पंडितों का सामूहिक विष्णु सहस्रनाम पाठ आयोजन का विशेष आकर्षण रहा। सुदर्शन हवन के पश्चात 31 पंडितों ने सामूहिक रूप से श्री विष्णु सहस्रनाम का पाठ किया। वैदिक मंत्रोच्चार एवं सामूहिक पाठ से माहेश्वरी भवन का वातावरण और अधिक भक्तिमय हो गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी पाठ में श्रद्धापूर्वक सहभागिता करते हुए समाज, परिवार एवं समस्त मानव समाज के कल्याण की प्रार्थना की।

धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी की व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में समाजबंधुओं एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। श्री महेंद्र मोहता ने खान-पान एवं महाप्रसादी की व्यवस्था संभालने के लिए श्री कमल गोयदानी एवं उनकी पूरी टीम की सराहना की।

कार्यक्रम की विभिन्न व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संपन्न कराने में सहयोग के लिए श्री संजय मूंदड़ा, श्री जय प्रकाश मालपानी, श्री अनुराग माहेश्वरी एवं श्री जी. डी. मोहता के प्रति भी विशेष आभार व्यक्त किया गया।

ट्रस्ट के बांसानुगत ट्रस्टी डॉ. अशोक जे. मूँधडा ने कहा कि आयोजन की सफलता में समाज के सभी बंधुओं एवं मातृशक्ति का सहयोग सराहनीय रहा। उन्होंने केरल से पधारे विद्वान पंडितों एवं पंडित मणिकंडन जी के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सामूहिक धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, एकता, सद्भाव एवं आपसी सहभागिता को मजबूत करते हैं।

इस अवसर पर श्री जेठमल चांडक, श्री नवनीत मूंदड़ा, श्री कमल गोयदानी, श्री संजय मूंदड़ा, श्री अनुराग माहेश्वरी, श्रीमती ममता बागड़ी, श्री मुकुल डागा, श्री गौरव जेठा, श्री बंसीलाल दलाल, श्री जयप्रकाश मालपानी, श्री महावीर मर्दा, श्री प्रमोद मालपानी, श्री राधेश्याम मूंदड़ा, श्री अशोक लखोटिया, श्री सुरेश भट्टड़, श्री देव किशन काबरा, श्री विवेक राठी, श्री अमित माहेश्वरी, श्री जी. डी. मोहता, श्री मदन राठी, श्रीमती प्रेमलता टावरी, श्री संतोष बिसानी, श्रीमती राखी मूंदड़ा, श्री डूंगर दास बिसानी, श्री जगदीश बियानी सहित अनेक समाजबंधु एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

अंत में मद्रास माहेश्वरी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से सभी समाजबंधुओं, श्रद्धालुओं, सहयोगियों, पंडितगण एवं आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal