चेन्नई में 28 सितंबर को होगा दिव्य एवं भव्य 'सुदर्शन हवन', केरल के विद्वान कराएंगे वैदिक अनुष्ठान
मद्रास माहेश्वरी चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में सुख, शांति, आरोग्य, समृद्धि एवं समस्त जनों के कल्याण की मंगलभावना के साथ आगामी सोमवार, 28 सितंबर 2026 को चेन्नई में दिव्य एवं भव्य ‘सुदर्शन हवन’ का पावन आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक अनुष्ठान माहेश्वरी भवन में आयोजित होगा।
मद्रास माहेश्वरी चैरिटेबल ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी श्री महेंद्र मोहता ने बताया कि इस विशेष सुदर्शन हवन के लिए केरल से विद्वान एवं अनुभवी पंडितों का विशेष समूह चेन्नई पधार रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान का नेतृत्व श्री मणिकंडन जी करेंगे। उनके मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ सुदर्शन हवन संपन्न कराया जाएगा।
श्री महेंद्र मोहता ने बताया कि इस अवसर का विशेष आकर्षण 31 विद्वान पंडितों द्वारा सामूहिक विष्णु सहस्रनाम पाठ होगा। सुदर्शन हवन के पश्चात 31 पंडितों द्वारा सामूहिक रूप से श्री विष्णु सहस्रनाम का पाठ किया जाएगा। यह विशेष आयोजन आध्यात्मिक वातावरण के साथ-साथ समाज एवं समस्त जनों के सुख, शांति, आरोग्य एवं मंगल की सामूहिक प्रार्थना का अवसर बनेगा।
कार्यक्रम के अनुसार सुदर्शन हवन प्रातः 7:15 बजे से प्रारंभ होगा। हवन से पूर्व श्रद्धालुओं के लिए अल्पाहार की व्यवस्था रहेगी। हवन के पश्चात सामूहिक विष्णु सहस्रनाम पाठ तथा उसके उपरांत महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सुदर्शन हवन का आयोजन सुख, शांति, आरोग्य एवं समृद्धि की मंगलकामना के साथ किया जा रहा है। इस पावन अनुष्ठान के माध्यम से भगवान श्री सुदर्शन एवं भगवान विष्णु से समाज, परिवार एवं समस्त जनों के कल्याण की प्रार्थना की जाएगी।
उन्होंने ट्रस्ट से जुड़े सभी बंधुओं से आग्रह किया कि वे अपनी अर्धांगिनी सहित इस पावन अनुष्ठान में उपस्थित होकर श्रद्धापूर्वक आहुति अर्पित करें तथा सामूहिक मंगलकामना के सहभागी बनें।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal