|
सरदारशहर माहेश्वरी समाज द्वारा माहेश्वरी ट्रस्ट, सरदारशहर के तत्वावधान में गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश का तीन दिवसीय पारंपरिक गणेश महोत्सव-2026 श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। आयोजन शहर के प्राचीन सिद्धिविनायक गणेश मंदिर (माहेश्वरी भवन) में हुआ। महोत्सव के दौरान भगवान श्री गणेश का विधि-विधानपूर्वक घृत अभिषेक, दुग्ध अभिषेक, मोदक अभिषेक एवं सिंदूर अभिषेक किया गया। विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत नृत्य-नाटिका तथा आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्होंने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
गणेश चतुर्थी के दिन भगवान श्री गणेश की विशेष पूजा-अर्चना एवं कथा का आयोजन किया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर भगवान श्री गणेश को 15 सवामणियों का भोग भी अर्पित किया गया। महोत्सव को सफल बनाने में माहेश्वरी ट्रस्ट के साथ माहेश्वरी महिला मंडल एवं माहेश्वरी युवा संगठन का सक्रिय सहयोग रहा। आयोजन में सरदारशहर के स्थानीय निवासियों के साथ-साथ प्रवासी समाजबंधुओं ने भी तन-मन-धन से सहयोग प्रदान किया। सामूहिक सहभागिता और श्रद्धा के वातावरण में तीन दिवसीय गणेश महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन समिति एवं माहेश्वरी ट्रस्ट ने सभी सहयोगकर्ताओं, समाजबंधुओं एवं श्रद्धालुओं का सादर आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
|