श्री श्रीरविशंकर जी से माहेश्वरी समाज बेंगलुरु के प्रतिनिधिमंडल की शिष्टाचारिक भेंट

माहेश्वरी सभा बेंगलुरु के प्रतिनिधिमंडल ने कनकपुरा रोड स्थित आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल फाउंडेशन में पद्मविभूषण श्री श्री रविशंकर जी से शिष्टाचारिक भेंट की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने अहिंसा, सरल जीवनशैली एवं योग के महत्व सहित विभिन्न विषयों पर श्री श्री रविशंकर जी के साथ सार्थक चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल में माहेश्वरी सभा बेंगलुरु के अध्यक्ष भगवानदास लाहोटी, संगठन मंत्री विनित कुमार बियानी, कार्यकारिणी सदस्य संजय साबू एवं विजय बंग, सभा सदस्य ओमप्रकाश राठी, सुभाष गट्टाणी, शशिकांत काबरा एवं अर्पिता काबरा शामिल रहे।

चर्चा के दौरान श्री श्री रविशंकर जी ने वर्तमान परिस्थितियों में जीवन में अहिंसा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज समाज में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने के लिए अहिंसा की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है। उन्होंने कहा कि भागदौड़ भरी जीवनशैली के बीच मनुष्य के लिए जीवन में सरलता एवं सहजता लाना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने नियमित रूप से सुदर्शन क्रिया एवं योग को जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि इससे व्यक्ति को मानसिक शांति, सकारात्मकता और जीवन में सहजता का अनुभव प्राप्त हो सकता है।

प्रतिनिधिमंडल ने श्री श्री रविशंकर जी के विचारों को प्रेरणादायी बताते हुए सामाजिक जीवन में शांति, सरलता, योग एवं सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी चर्चा की। भेंट के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण में विभिन्न सामाजिक एवं आध्यात्मिक विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ।


Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal