तीर्थराज पुष्कर में श्री आनंद जी राठी का सहस्र चंद्र दर्शन अस्सीवां जन्मोत्सव संत सान्निध्य में संपन्न
तीर्थराज पुष्कर की पावन धरा पर राष्ट्र संत परम पूज्य स्वामी गोविंद देव गिरि जी महाराज के पावन सान्निध्य में श्री माहेश्वरी समाज एवं राष्ट्र की महान विभूति, मुंबई स्टॉक एक्सचेंज के पूर्व अध्यक्ष परम श्रद्धेय श्री आनंद जी राठी साहब का ‘सहस्र चंद्र दर्शन अस्सीवां जन्मोत्सव’ श्रद्धा, संस्कार एवं आत्मीयता के साथ आयोजित किया गया। समारोह में समाज, उद्योग एवं वित्त जगत की अनेक प्रतिष्ठित विभूतियों ने सहभागिता कर श्री राठी को स्वस्थ, सुदीर्घ एवं यशस्वी जीवन की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस अवसर पर ज्ञान मंदिर अध्यात्म अमृत, किशनगढ़ द्वारा प्रकाशित अभिनंदन ग्रंथ ‘प्रशस्ति प्रसून’ का विमोचन किया गया। पुस्तक में समाज एवं राष्ट्र की अनेक संत विभूतियों तथा विशिष्ट व्यक्तित्वों के शुभकामना संदेश संकलित किए गए हैं। श्री आनंद जी राठी का अभिनंदन-पत्र जयपुर की साहित्यकारा मधु भूतड़ा ‘अक्षरा’ द्वारा भावपूर्ण ढंग से वाचन किया गया।
समारोह में ज्ञान मंदिर के महासचिव श्री कृष्णचंद्र जी टुवाणी, कोषाध्यक्ष श्री रामकिशोर बाहेती एवं सचिव श्री मणिधर भट्ठड़ सहित अन्य पदाधिकारियों ने श्री राठी को दुपट्टा, शॉल एवं मुक्ताहार पहनाकर सम्मानित किया तथा अभिनंदन-पत्र भेंट किया। इस अवसर पर पूज्य स्वामी गोविंद देव गिरि जी महाराज को श्री राजेंद्र कृष्ण जोशी ‘फौजी’ द्वारा रचित ‘गोविंद देव गिरि चालीसा’ भी भेंट की गई।
‘प्रशस्ति प्रसून’ के प्रकाशन एवं समारोह को साहित्यिक गरिमा प्रदान करने में अध्यात्म अमृत के प्रधान संपादक श्री कृष्णचंद्र जी टुवाणी का मार्गदर्शन तथा साहित्यकारा मधु भूतड़ा ‘अक्षरा’ का संयोजन उल्लेखनीय रहा।
समारोह का एक भावपूर्ण एवं स्मरणीय प्रसंग उस समय सामने आया, जब राष्ट्र संत स्वामी गोविंद देव गिरि जी महाराज ने मधु भूतड़ा ‘अक्षरा’ की साहित्यिक कृति ‘एक पहल’ को स्वीकार किया। संतश्री ने उन्हें श्रीराम का स्वरूप सुशोभित कर आशीर्वाद प्रदान किया। इस आत्मीय प्रसंग ने समारोह को आध्यात्मिक एवं साहित्यिक भावभूमि से और समृद्ध कर दिया।
ब्रह्मा सावित्री वेद विद्या पीठ, पुष्कर के सभी ट्रस्टियों तथा अखिल भारतीय माहेश्वरी सेवा सदन, पुष्कर की ओर से भी श्री आनंद जी राठी का पुष्पमाला, शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया गया तथा अभिनंदन-पत्र के माध्यम से हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।
वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारिवारिक संस्कारों से ओतप्रोत इस आयोजन में देश-विदेश से आए परिवारजनों सहित श्री वेद मूर्ति महेश जी नंदे, श्री रामकरण गुरुजी, श्री हरिमोहन जी बांगड़, श्री अनुज सुरेश जी राठी, श्री रामअवतार जी जाजू, श्री रामकुमार जी भूतड़ा, डॉ. गोविंद जी माहेश्वरी, श्री कांत जी बाल्दी, श्री अशोक जी कालानी, श्री संदीप जी झंवर, श्री श्यामसुंदर जी दरगड़, श्री रमाकांत जी बाल्दी एवं जयपुर से श्री महेश जी भूतड़ा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों एवं शुभचिंतकों ने श्री आनंद जी राठी के दीर्घ, स्वस्थ, सुखमय एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामना की। तीर्थराज पुष्कर की आध्यात्मिक पृष्ठभूमि, संत सान्निध्य, पारिवारिक आत्मीयता और साहित्यिक अभिव्यक्ति के समन्वय ने इस जन्मोत्सव को अविस्मरणीय बना दिया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal