| असम माहेश्वरी सेवा ट्रस्ट के चुनाव संपन्न |
|
|
छत्रीबाड़ी स्थित असम माहेश्वरी भवन गुवाहाटी में असम माहेश्वरी सेवा ट्रस्ट के सत्र 2026-2029 के लिए आम चुनाव शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुए। मुख्य चुनाव अधिकारी निरू काबरा के नेतृत्व में आयोजित चुनाव प्रक्रिया में सीताराम बिहानी के नेतृत्व वाली टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी 19 सीटों पर जीत दर्ज कर क्लीन स्वीप किया। चार श्रेणियों में कुल 19 पदों के लिए हुए चुनाव में 32 उम्मीदवार मैदान में थे। मतदान के दौरान समाज के मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रथम श्रेणी में 8 पदों के लिए कुल 16 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। कुल 97 मतदाताओं में से 94 मत पड़े। इस श्रेणी में सीताराम बिहानी, कैलाश काबरा, नवल किशोर शारडा, मधुसूदन चर्खा, कमल सोमानी, संदीप माहेश्वरी (चांडक), दीनदयाल मूंधड़ा एवं विष्णु कुमार बिनानी विजयी घोषित किए गए। द्वितीय श्रेणी में 3 पदों के लिए कुल 4 उम्मीदवार मैदान में थे। यहां कुल 12 मतदाताओं में से 11 मत पड़े। दाउलाल शारडा, राजकुमार मल्ल एवं रमेश चांडक ने जीत दर्ज की। तृतीय श्रेणी में 3 पदों के लिए 5 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। कुल 27 मतदाताओं में से 26 मत पड़े। इस श्रेणी में कृष्णा डी. मिनानी, मदन मोहन डागा एवं सुनील कुमार बिहानी विजयी घोषित हुए। चतुर्थ श्रेणी में 5 पदों के लिए कुल 7 उम्मीदवार मैदान में थे। कुल 100 मतदाताओं में से 85 मत पड़े। इसमें बनवारी लाल बिड़ला, प्रभात चांडक, सुभाष दम्माणी, राज कुमार सोमानी एवं रतनलाल चितलांगिया विजयी रहे। मुख्य चुनाव अधिकारी निरू काबरा द्वारा सभी विजयी प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जाने के बाद माहेश्वरी भवन में उत्साह और हर्ष का वातावरण बन गया। समाजबंधुओं ने विजयी प्रत्याशियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। असम माहेश्वरी समाज की प्रतिष्ठित संस्था असम माहेश्वरी सेवा ट्रस्ट के चुनाव में माहेश्वरी सभा, गुवाहाटी के अध्यक्ष सीताराम बिहानी के नेतृत्व वाली टीम का सभी 19 सीटों पर विजयी होना समाज के मतदाताओं द्वारा उनके नेतृत्व एवं कार्यप्रणाली में व्यक्त किए गए विश्वास को दर्शाता है। इस परिणाम के माध्यम से समाज ने नई टीम को ट्रस्ट की जिम्मेदारी निभाने का महत्वपूर्ण अवसर सौंपा है। चुनाव परिणाम के बाद सीताराम बिहानी ने समाजबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज ने उनके नेतृत्व वाली टीम पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि उनकी टीम आने वाले समय में पूरी निष्ठा, ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ समाजहित में कार्य करेगी तथा ट्रस्ट की गरिमा और उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का हरसंभव प्रयास करेगी। गौरतलब है कि नव निर्वाचित 19 सदस्यीय टीम आगामी प्रक्रिया के तहत ट्रस्ट के अध्यक्ष का चयन करेगी। इसके साथ ही सत्र 2026-2029 के लिए ट्रस्ट की नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। माहेश्वरी सभा-गुवाहाटी के मंत्री सुरेन्द्र लाहोटी ने सभी नव निर्वाचित सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि नई टीम समाज एवं ट्रस्ट के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करेगी। |
|
| 24 August 2026 |
| पी.वी. सिंधु - सौ संगीता लाहोटी, पुणे |