| मद्रास कांवड़ संघ की रजत जयंती कांवड़ यात्रा के सफल समापन पर डागा निवास में गूंजा हर-हर महादेव |
|
|
मद्रास कांवड़ संघ, चेन्नई की रजत जयंती वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में आयोजित पावन कांवड़ यात्रा के सफल समापन के उपरांत अन्नानगर स्थित डागा निवास में भगवान भोलेनाथ के प्रति कृतज्ञता एवं आभार प्रकट करने के लिए भव्य रुद्राभिषेक समारोह आयोजित किया गया। समारोह में करीब 200 श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना से हुआ। पंडित श्री शिव नारायण झा एवं उनकी टीम के सान्निध्य में संपूर्ण नमक-चमक रुद्री पाठ एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक कर परिवार, समाज एवं सभी शिवभक्तों के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की। 'ऊँ नम: शिवाय' एवं 'हर-हर महादेव' के जयघोष से पूरा परिसर शिवमय हो उठा। रुद्राभिषेक के पश्चात भव्य भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। प्रताप म्यूजिकल पार्टी ने अपनी टीम के साथ भगवान शिव की भक्ति से ओत-प्रोत भजनों की प्रस्तुति दी। मधुर भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे और पूरा वातावरण भक्तिरस से सराबोर हो गया। इस अवसर पर मद्रास कांवड़ संघ के चेयरमैन श्री ओम प्रकाश डागा ने कहा कि रजत जयंती वर्ष की कांवड़ यात्रा भगवान भोलेनाथ की असीम कृपा एवं सभी कांवडिय़ों के सहयोग से अत्यंत सफल और यादगार रही। सुल्तानगंज से बाबा बैद्यनाथ धाम तक की यात्रा में सेवा, श्रद्धा एवं समर्पण की भावना देखने को मिली। उन्होंने यात्रा की सफलता के लिए भगवान शिव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार जताया। संघ के अध्यक्ष श्री संजय मूंदड़ा ने कहा कि रजत जयंती वर्ष की कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, अनुशासन, भाईचारे एवं शिवभक्ति का अद्भुत संगम रही। उन्होंने यात्रा में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी सदस्यों, कांवडिय़ों, सेवाभावी कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। संयोजिका श्रीमती मीना डागा ने कहा कि भगवान शिव की भक्ति के साथ शिवभक्तों की सेवा करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जिस प्रेम, अनुशासन, आत्मीयता एवं सहयोग का परिचय दिया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने बाबा भोलेनाथ से सभी कांवडिय़ों एवं उनके परिवारों के सुख, स्वास्थ्य एवं समृद्धि की कामना की।
कोषाध्यक्ष श्री राजेश भौतिका ने कहा कि रजत जयंती वर्ष की ऐतिहासिक यात्रा को सफल एवं यादगार बनाने में संघ के प्रत्येक सदस्य एवं कांवडिय़े का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सेवा कार्यों से लेकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक सभी ने पूरे मनोयोग से अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। रुद्राभिषेक एवं भजन-कीर्तन के पश्चात भगवान भोलेनाथ की भव्य महाआरती की गई। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आरती में भाग लिया। 'हर-हर महादेव', 'ऊँ नम: शिवाय' एवं 'बोल बम' के जयघोष से डागा निवास परिसर गूंज उठा। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई। समारोह में राजा साबू, राजीव भुरारिया, सुरेश भट्टड़, सुनील सारड़ा, कृष्ण कुमार राठी, संजय सारड़ा, रवींद्र डागा, सुनीता डागा, बबीता हाडा, अमित अग्रवाल, संजय गुप्ता, लक्ष्मी अग्रवाल, नारायण राठी, कुप्पू स्वामी, उषा अग्रवाल, भुवन गुप्ता, साईराम गुप्ता सहित अनेक गणमान्यजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। मद्रास कांवड़ संघ की रजत जयंती वर्ष की यह पावन कांवड़ यात्रा श्रद्धा, सेवा, समर्पण, अनुशासन एवं भाईचारे की अविस्मरणीय यात्रा बन गई, जिसकी मधुर स्मृतियां सभी कांवडिय़ों एवं श्रद्धालुओं के हृदय में सदैव जीवंत रहेंगी।
|