भारत उत्सव 2026 में माहेश्वरी समाज कोयंबटूर की शानदार प्रस्तुति

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर माहेश्वरी समाज, कोयंबटूर की ओर से 15 अगस्त की शाम 'भारत कला संगमम' बैनर तले आयोजित 'भारत उत्सव 2026' में 'परंपरा से प्रगति की ओर, गुरुकुल से AI तक' विषय पर भव्य एवं प्रेरणादायी नाट्य प्रस्तुति दी गई। प्रस्तुति के माध्यम से भारत की ज्ञान परंपरा से लेकर आधुनिक तकनीकी युग तक की विकास यात्रा को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया।

कार्यक्रम में लकड़ी की पट्टी और ताड़पत्र से लेकर लैपटॉप एवं AI तक, तथा तीर-कमान से लेकर आधुनिक मिसाइल तकनीक तक की यात्रा को मंच पर जीवंत किया गया। प्रस्तुति का मूल संदेश था कि गुरु द्वारा ज्ञान बांटने का उद्देश्य सदैव वही रहा है, केवल समय के साथ ज्ञान के माध्यम और तकनीक बदलती गई। इस भावपूर्ण प्रस्तुति ने भारतीय परंपरा, शिक्षा, विज्ञान और आधुनिक प्रगति के सुंदर समन्वय को दर्शाया।

नाट्य प्रस्तुति में गोविन्द, नीतू, कार्तिक, हर्षित मंडोवरा, अजय, अलका, यंशक बागड़ी, विवेक, सरिता, एकांश, ईवा फोमरा, सुरेश, किरण, यश, ज्योति मालानी, विकास, कृष्णा, परिधि, जसवी सोमानी, अमित, अनुपमा, यश मंडोवरा, प्रमोद, ज्योति मेहता, दामोदर बंग, लक्षित चांडक, प्रीति सोमानी एवं प्रीति भट्ट ने प्रभावशाली अभिनय एवं प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया।

कलाकारों की शानदार प्रस्तुति, विषय की रचनात्मक प्रस्तुति और संदेशपूर्ण संवादों ने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि भारत की समृद्ध परंपराओं और ज्ञान-विरासत को साथ लेकर आधुनिक तकनीक एवं प्रगति की दिशा में आगे बढऩा ही सच्चे अर्थों में विकसित भारत की पहचान है। प्रस्तुति के अंत में कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए उपस्थित समाजबंधुओं ने जोरदार तालियों से उनका अभिनंदन किया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal