साबरमती क्षेत्र में माहेश्वरी समाज ने उत्साहपूर्वक मनाया स्वतंत्रता दिवस

अहमदाबाद जिला माहेश्वरी सभा के साबरमती क्षेत्र की ओर से 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर अहमदाबाद के माहेश्वरी परिवार बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगे नजर आए।

कार्यक्रम में रानीप विस्तार के पार्षद, निवर्तमान पार्षद एवं भारतीय जनता पार्टी के रानीप उपाध्यक्ष सहित गुजरात प्रांत माहेश्वरी सभा तथा अहमदाबाद जिला माहेश्वरी सभा के पदाधिकारियों ने उपस्थित होकर समारोह की शोभा बढ़ाई।

संगठन मंत्री श्री मनीष जाजू ने बताया कि साबरमती क्षेत्र की समस्त कार्यकारिणी ने उपाध्यक्ष श्री ललित मेहता, मंत्री श्री महेंद्र साबू, सह-मंत्री श्री राकेश पटवारी एवं कोषाध्यक्ष श्री राकेश वैद्य के मार्गदर्शन एवं सहयोग से स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य रूप प्रदान किया।

समारोह का शुभारंभ महेश वंदना, राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत से हुआ। इसके बाद भारत माता की जय, वंदे मातरम् एवं हर-हर महादेव के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया। उपस्थित पदाधिकारियों ने देश के प्रति प्रेम, समर्पण तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों पर प्रेरणादायी उद्बोधन दिए।

कार्यक्रम में समाज की महिलाओं, बच्चों एवं वरिष्ठजनों ने देशभक्ति से ओतप्रोत मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर तिरंगा रैली भी निकाली गई। बच्चों ने भारत माता, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, वीरांगना झांसी की रानी लक्ष्मीबाई तथा भारतीय सेना के जवानों की वेशभूषा धारण कर सभी का मन मोह लिया। उत्कृष्ट प्रस्तुतियां देने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम के पश्चात सभी समाजबंधुओं ने मिलकर फलाहार किया। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रप्रेम, सामाजिक एकता एवं उत्साह से परिपूर्ण इस आयोजन का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal