श्रावण मास में सिद्धनाथ मंदिर में गूंजा 'हर-हर महादेव', 150 श्रद्धालुओं ने किया रुद्राभिषेक

चेन्नई। श्रावण मास के पावन अवसर पर पश्चिम माम्बलम स्थित श्री सिद्धनाथ मंदिर में भगवान शिव की आराधना के लिए भव्य रुद्राभिषेक, भजन संध्या एवं महाआरती का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। धार्मिक आयोजन में करीब 150 श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से रुद्राभिषेक में भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और 'हर-हर महादेवÓ के जयघोष से मंदिर परिसर शिवमय हो उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शिव की स्तुति एवं ऊँ नम: शिवाय के मंगलमय जयघोष के साथ हुआ। इसके बाद पंडित महेश दवे एवं उनकी टीम ने विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रुद्राभिषेक एवं रुद्री पाठ संपन्न कराया। श्रद्धालुओं ने विभिन्न पवित्र द्रव्यों से भगवान शिव का अभिषेक करते हुए परिवार एवं समाज की सुख-शांति, स्वास्थ्य, समृद्धि और मंगल की कामना की।

रुद्राभिषेक के पश्चात आयोजित भव्य भजन संध्या में तुलसी एवं प्रताप म्यूजिकल पार्टी ने अपनी पूरी टीम के साथ भक्तिमय प्रस्तुतियां दीं। मधुर भजनों और संगीतमय प्रस्तुतियों से मंदिर परिसर भक्तिरस से सराबोर हो गया। श्रद्धालु भजनों पर भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए।

महाआरती के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में एकत्रित हुए। सामूहिक आरती और भगवान शिव के जयघोष से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई।

कार्यक्रम के मुख्य आयोजक देवकिशन काबरा ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना और भक्ति का पावन अवसर है। रुद्राभिषेक एवं भजन संध्या का उद्देश्य समाज के लोगों को भगवान शिव की भक्ति से जोडऩा तथा धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण करना है।

उन्होंने कहा कि 150 श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष एवं यादगार बना दिया। उन्होंने पंडित महेश दवे एवं उनकी टीम, तुलसी एवं प्रताप म्यूजिकल पार्टी, मंदिर प्रबंधन, सभी सहयोगकर्ताओं तथा उपस्थित श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में तमिलनाडु, केरल एवं पांडिचेरी प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष डॉ. अशोक जे. मूंधड़ा, श्री माहेश्वरी सभा के उपाध्यक्ष कमल गोयदानी, सचिव संजय मूंदड़ा, कोषाध्यक्ष अनुराग माहेश्वरी, श्याम सुंदर भूतड़ा, प्रमोद मालपानी, जयप्रकाश मालपानी, मनोज राठी, संजय सारड़ा, सत्यनारायण भूतड़ा, श्रीमती बबीता काबरा एवं श्रीमती प्रेमलता टावरी सहित अनेक गणमान्यजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन महाआरती, 'हर-हर महादेवM' के जयघोष एवं महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal