| श्रीगंगानगर में नन्हे कांवडिय़ों ने रचा भक्ति और संस्कार का अनुपम अध्याय |
|
|
|
श्री माहेश्वरी महिला सेवा समिति, श्रीगंगानगर के तत्वावधान में भक्ति, संस्कार एवं धार्मिक चेतना से ओतप्रोत भव्य बाल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। नन्हे कांवडिय़ों की पावन पदचाप, आकर्षक ढंग से सजी कांवड़, चेहरे पर झलकता भक्तिभाव और भगवान शिव के प्रति अटूट श्रद्धा ने पूरे वातावरण को शिवमय कर दिया। यह आयोजन केवल धार्मिक यात्रा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सनातन संस्कारों, धार्मिक आस्था और गौरवशाली भारतीय संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रेरणादायी प्रयास भी बना। जिस अनुशासन, गरिमा और श्रद्धाभाव के साथ नन्हे कांवडिय़ों ने यात्रा में सहभागिता निभाई, वह सभी के लिए आकर्षण एवं प्रेरणा का केंद्र रहा। बाल कांवड़ यात्रा का शुभारंभ श्री माहेश्वरी भवन से हुआ। नन्हे कांवडि़ए आकर्षक रूप से सुसज्जित कांवड़ लेकर भक्तिमय डीजे धुनों के बीच 'हर हर महादेव' के जयकारे लगाते हुए जवारनगर स्थित श्रीराम मंदिर पहुंचे। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग भगवान शिव के जयघोष से गुंजायमान रहा। श्रीराम मंदिर पहुंचने पर नन्हे कांवडिय़ों ने अपनी कांवड़ में लाए पवित्र जल से भगवान शिव का श्रद्धापूर्वक अभिषेक किया। इस दौरान बच्चों के चेहरे पर उत्साह और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में श्री महाराजा अग्रसेन चैरिटेबल ट्रस्ट, श्रीगंगानगर के पदाधिकारियों द्वारा नन्हे कांवडिय़ों को प्रसाद वितरित किया गया तथा सभी बच्चों को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। आगंतुक अतिथियों एवं गणमान्यजनों का पटका पहनाकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर समाज की वरिष्ठ सदस्या श्रीमती गायत्री देवी चितलांगिया, श्रीमती मधु बिहानी, जिला सचिव श्री भगवान दास चांडक, जिला महिला अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला चितलांगिया, सचिव श्रीमती कविता बिनानी, जिला युवा अध्यक्ष श्री दीपक लखोटिया, सचिव श्री नारायण बिनानी, सेवा समिति अध्यक्ष श्री महेश कुमार नढ़ानी, सचिव डॉ. अजीत सोमानी, युवा समिति अध्यक्ष श्री नीलांशु सारड़ा, प्रोफेशनल सेल अध्यक्ष डॉ. आदित्य पेड़ीवाल एवं सचिव डॉ. पवन भट्टड़ सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन एवं समाजबंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित रूप प्रदान करने में कार्यक्रम संयोजिका श्रीमती शैलजा चितलांगिया एवं श्रीमती राज होलानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके कुशल संयोजन, अथक प्रयास एवं सक्रिय सहभागिता से यह आयोजन श्रद्धा, अनुशासन एवं गरिमा के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के समापन पर महिला सेवा समिति की अध्यक्ष श्रीमती कोमल चांडक एवं सचिव श्रीमती लक्ष्मी लखोटिया ने उपस्थित अतिथियों, समाजबंधुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने महिला समिति की कर्मठ कार्यकर्ता मातृशक्ति तथा श्री महाराजा अग्रसेन चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजन को सफल बनाने में दिए गए सहयोग के लिए विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया। उपस्थित समाजबंधुओं ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और संस्कारों से जोडऩे के साथ-साथ उनमें सेवा, अनुशासन, श्रद्धा एवं सामाजिक एकता की भावना को भी मजबूत करते हैं। नन्हे कांवडिय़ों की यह भक्ति यात्रा वास्तव में संस्कारों की ऐसी ज्योति है, जो आने वाली पीढिय़ों के जीवन को प्रकाशित करने के साथ समाज की सांस्कृतिक विरासत को निरंतर आगे बढ़ाने का संदेश देती है।
|
|
| 08 August 2026 |
| पंचांग और राशिफल |