| महेश नवमी पर निकली भव्य शोभायात्रा, महाकाल बैंड रहा मुख्य आकर्षण |
|
|
श्री माहेश्वरी नवयुवक मंडल कानपुर द्वारा माहेश्वरी समाज के 5159वें माहेश्वरी वंशोत्पत्ति दिवस एवं महेश नवमी के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। ज्येष्ठ शुक्ल नवमी को प्रतिवर्ष मनाए जाने वाले इस पावन पर्व पर समाजबंधुओं में उत्साह और उमंग का माहौल रहा। शोभायात्रा का शुभारंभ माहेश्वरी धर्मशाला, चावल मंडी से हुआ। शोभायात्रा में सबसे आगे भगवान गणेश जी का रथ, इसके बाद बांके बिहारी जी एवं राम दरबार के रथ और सबसे अंत में भगवान शिव-पार्वती जी का रथ आकर्षण का केंद्र रहे। इस वर्ष शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण महाकाल बैंड रहा। बैंड की भक्तिमय प्रस्तुतियों ने पूरे मार्ग को शिवमय कर दिया। शोभायात्रा कमला टावर, सिरकी मोहाल, काहूकोठी, नयागंज चौराहा, बिरहाना रोड एवं फूलबाग होते हुए नाना राव पार्क पहुंची। मार्ग में समाजबंधुओं द्वारा जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया। शोभायात्रा में शामिल समाजबंधुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर शरबत, नाश्ता एवं जलपान की व्यवस्था की गई। स्वागत करने वाले समाजबंधुओं को मंडल की ओर से स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। शोभायात्रा के दौरान मेरा भोला है भंडारी, भगवान गणेश एवं बांके बिहारी जी के भजनों पर समाजबंधुओं ने जमकर नृत्य किया। पूरे मार्ग में भक्ति, उल्लास और सामाजिक एकता का वातावरण दिखाई दिया। इस अवसर पर श्री राजेंद्र बागड़ एवं श्री शरद राठी को श्री माहेश्वरी नवयुवक मंडल की ओर से माहेश्वरी रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। दोनों को दुपट्टा पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। शोभायात्रा के पश्चात भगवान महेश की आरती की गई। इसके बाद कक्षा 1 से 12वीं तक के मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। वहीं प्रोफेशनल एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों एवं युवाओं को मंडल की ओर से विशेष सम्मान प्रदान किया गया। मंडल द्वारा समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की सहायता के उद्देश्य से एक परिवार के बच्चे को छात्रवृत्ति प्रदान करने की पहल भी की जाती है। इस पहल के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर समाजबंधुओं के बच्चों को आगे बढऩे का अवसर प्रदान किया जा रहा है। कार्यक्रम में शरद लोया, राकेश मूंदड़ा, युवराज झंवर, रोहित कुमार सारड़ा, अंकित चाड़क, प्रियंक चाड़क, हर्ष नोवाल, अभिनव लढ़ा, गुंजन गांधी, राघव नोवाल, शरद राठी सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। महिला मंडल की अध्यक्ष रेखा भूतड़ा सहित महिला मंडल की पदाधिकारी एवं सदस्य भी कार्यक्रम में सहभागी रहीं।
|