गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति सचिन माहेश्वरी का नागरिक अभिनंदन

गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद के नवनियुक्त कुलपति सचिन माहेश्वरी का श्री माहेश्वरी सभा (रजिस्टर्ड), मुरादाबाद द्वारा भव्य अभिनंदन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समाज के वरिष्ठजनों एवं गणमान्य नागरिकों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ देते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।

बुद्धिविहार स्थित एमजीआर (आशीष) परिसर में आयोजित समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात सभा के पदाधिकारियों ने कुलपति सचिन माहेश्वरी का शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि किसी माहेश्वरी समाजबंधु का विश्वविद्यालय के कुलपति जैसे महत्वपूर्ण पद पर आसीन होना पूरे समाज के लिए गौरव एवं सम्मान का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सचिन माहेश्वरी के नेतृत्व में विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार एवं प्रशासनिक उत्कृष्टता के नए मानदंड स्थापित करेगा।

अपने संबोधन में कुलपति सचिन माहेश्वरी ने समाज द्वारा मिले स्नेह एवं सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, शोध एवं नवाचार को प्रोत्साहन तथा विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी एवं आधुनिक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना रहेगा। उन्होंने विश्वविद्यालय को उत्कृष्टता की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का विश्वास दिलाया।

कार्यक्रम के अंत में श्री माहेश्वरी सभा (रजिस्टर्ड), मुरादाबाद के अध्यक्ष सुनील कुमार डागा एवं सचिव पंकज माहेश्वरी ने सभी समाजबंधुओं एवं अतिथियों का समारोह में सहभागिता एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सीए राकेश आर्य, डॉ. अनिल महेश, रूप कमल माहेश्वरी, पूर्णेश माहेश्वरी, आशीष माहेश्वरी, अतुल मालीवाला, अवनीश माहेश्वरी, राजीव माहेश्वरी, अनिरुद्ध माहेश्वरी, संजय माहेश्वरी, सुबोध शारदा, बी.पी. माहेश्वरी, मुकेश माहेश्वरी सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal