टीकेपी प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के चुनाव सम्पन्न

तमिलनाडु-केरल-पांडिचेरी (टीकेपी) प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के सत्र 2023-2026 की अंतिम कार्यकारिणी एवं चुनाव बैठक श्री माहेश्वरी ट्रस्ट सभा, इरोड में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर सत्र 2026-2029 के लिए नई कार्यकारिणी का निर्विरोध निर्वाचन हुआ, जिसमें डॉ. अशोक जे. मूँधडा (चेन्नई) को प्रदेश अध्यक्ष तथा श्री महेंद्र मोहता (चेन्नई) को प्रदेश मंत्री चुना गया। निर्विरोध निर्वाचन ने समाज में संगठनात्मक एकता, विश्वास एवं सौहार्द का सशक्त संदेश दिया।

बैठक में तमिलनाडु, केरल एवं पांडिचेरी की विभिन्न माहेश्वरी सभाओं के अध्यक्षों, सचिवों, प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महेश की वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

श्री माहेश्वरी ट्रस्ट सभा, इरोड के अध्यक्ष श्री लक्ष्मी नारायण कोठारी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि समाज की उन्नति संगठन, संस्कार एवं सामूहिक सहभागिता से ही संभव है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी समाजहित में नए आयाम स्थापित करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रमोद कुमार मालपानी ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में बताया कि पिछले तीन वर्षों में समाज के सहयोग से अनेक सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक, सेवा एवं व्यावसायिक गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। उन्होंने समाज की एकता को संगठन की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए अपने कार्यकाल में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों, स्थानीय सभाओं एवं समाजबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया तथा नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएँ दीं।

प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री जयप्रकाश मालपानी ने सत्र 2023-2026 का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। इसके बाद प्रदेश मंत्री श्री अशोक कुमार लाखोटिया ने तीन वर्षों की विस्तृत कार्य-रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए संगठन की उपलब्धियों एवं विभिन्न गतिविधियों का विवरण रखा। उपस्थित सदस्यों ने रिपोर्ट का करतल ध्वनि से स्वागत करते हुए अनुमोदन किया।

मुख्य चुनाव अधिकारी श्री ओमप्रकाश बागड़ी तथा चुनाव समिति के सदस्य श्री श्यामसुंदर मेहता (चेयरमैन), श्री राधा मोहन लाहोटी (इरोड) एवं श्री मुकुल कुमार डागा (चेन्नई) ने निर्वाचन प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ सम्पन्न कराते हुए नई कार्यकारिणी की औपचारिक घोषणा की। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक जे. मूँधडा (चेन्नई), प्रदेश मंत्री श्री महेंद्र मोहता (चेन्नई), उपाध्यक्ष श्री आलोक साबू (कालीकट), उपाध्यक्ष श्री एस. आर. डागा (शिवकाशी), उपाध्यक्ष श्री कैलाश सारड़ा (सलेम), प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री श्रीमोहन दमानी (चेन्नई), प्रदेश संगठन मंत्री श्री जयप्रकाश मालपानी (चेन्नई), प्रदेश सह मंत्री श्री रमेश कुमार चाण्डक (कालीकट) निर्वाचित किये गये। बैठक में श्री रामरतन कोठारी के अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा की कार्यसमिति के लिए निर्विरोध निर्वाचन की भी घोषणा की गई। निर्वाचन के पश्चात निवर्तमान कार्यकारिणी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को विधिवत कार्यभार सौंपा।

अपने प्रथम अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. अशोक जे. मूँधडा ने समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निर्विरोध निर्वाचन समाज की एकता, विश्वास एवं संगठनात्मक परिपक्वता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल पद का नहीं, बल्कि समाज की अपेक्षाओं एवं विश्वास का दायित्व है। नई कार्यकारिणी सेवा, पारदर्शिता, समर्पण एवं सामूहिक नेतृत्व की भावना के साथ कार्य करते हुए युवाओं, मातृशक्ति एवं वरिष्ठजनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेगी तथा सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगी।

नवनिर्वाचित प्रदेश मंत्री श्री महेंद्र मोहता ने सभी समाजबंधुओं, चुनाव अधिकारियों, पूर्व पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्य चुनाव अधिकारी एवं चुनाव समिति के सदस्यों का सफल निर्वाचन प्रक्रिया के लिए विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया। साथ ही श्री माहेश्वरी ट्रस्ट सभा, इरोड के अध्यक्ष श्री लक्ष्मी नारायण कोठारी एवं उनकी टीम के उत्कृष्ट आतिथ्य, सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं एवं सहयोग की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग, मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से नई कार्यकारिणी समाजहित, संगठन सुदृढ़ीकरण एवं सेवा कार्यों को नई दिशा देने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेगी। बैठक का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal