पूर्वोत्तर माहेश्वरी सभा का असम के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा, समाजबंधुओं को दिया संगठन के साथ होने का भरोसा

असम में हाल ही में आई भीषण बाढ़ के मद्देनजर पूर्वोत्तर माहेश्वरी सभा का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधि मंडल बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर निकला। प्रतिनिधि मंडल का उद्देश्य संकट की इस घड़ी में प्रभावित समाजबंधुओं का कुशलक्षेम जानना, उनकी समस्याओं का प्रत्यक्ष आकलन करना तथा संगठन की ओर से हर संभव सहयोग और संबल का विश्वास दिलाना था।

प्रतिनिधि मंडल में पूर्वोत्तर माहेश्वरी सभा के वर्तमान कोषाध्यक्ष एवं आगामी अध्यक्ष (औपचारिक घोषणा शेष) श्री जुगल किशोर डागा, वर्तमान संयुक्त मंत्री श्री मदन गोपाल बिहानी, महासभा कार्यमंडल सदस्य श्री माणिक लाल दम्मानी तथा श्री नंदकिशोर राठी शामिल रहे।

प्रतिनिधि मंडल सर्वप्रथम शिवसागर पहुँचा, जहाँ स्थानीय समाजबंधुओं से आत्मीय भेंट की गई। इस अवसर पर शिवसागर शाखा के अध्यक्ष श्री गोपाल कृष्ण चांडक, सचिव श्री संदीप दमानी, संयुक्त सचिव श्री राजेश कुमार गट्टानी, कार्यमंडल सदस्य श्री मालचंद गट्टानी, कोषाध्यक्ष श्री नंदकिशोर झंवर, पीएमएमएस अध्यक्ष श्रीमती याशमी राठी, माहेश्वरी युवा संगठन के अध्यक्ष श्री अमित करनानी, श्री राजेश भटड़ (श्री महावीर ऑयल इंडस्ट्रीज़), श्री देवकिशन डागा, जगदीश स्टोर सहित अनेक गणमान्य समाजबंधु उपस्थित रहे।

प्रतिनिधि मंडल ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर समाजबंधुओं के घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में हुई क्षति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इसके पश्चात शिवसागर शाखा के अध्यक्ष श्री गोपाल कृष्ण चांडक के निवास पर स्नेहपूर्ण दोपहर के भोजन का आयोजन किया गया। आगे के प्रवास में श्री मालचंद गट्टानी एवं श्री रूपचंद करनानी भी प्रतिनिधि मंडल के साथ जुड़ गए।

इसके उपरांत प्रतिनिधि मंडल नाज़ीरा पहुँचा, जहाँ नाज़ीरा माहेश्वरी सभा के सचिव श्री सुनील बंग के निवास पर समाजबंधुओं से आत्मीय मुलाकात हुई। इस दौरान स्थानीय गौशाला का भ्रमण कर वहाँ की व्यवस्थाओं की जानकारी भी प्राप्त की गई।

प्रवास के अगले चरण में प्रतिनिधि मंडल सिमलगुड़ी पहुँचा, जहाँ श्री रामोतार बिहानी सहित अन्य समाजबंधुओं से भेंट एवं विचार-विमर्श कर बाढ़ से उत्पन्न परिस्थितियों की समीक्षा की गई।

शाम लगभग छह बजे प्रतिनिधि मंडल आमगुड़ी पहुँचा। यहाँ श्री गोपाल बाहेती के निवास पर श्री नंदकिशोर सारडा, श्री मूंदड़ा तथा अन्य समाजबंधुओं से मुलाकात कर बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी ली गई। इसके बाद प्रतिनिधियों ने नगर के विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का भी दौरा कर समाजबंधुओं का कुशलक्षेम जाना और उनका मनोबल बढ़ाया।

पूरे प्रवास के दौरान पूर्वोत्तर माहेश्वरी सभा ने समाजबंधुओं को यह स्पष्ट संदेश दिया कि 'संगठन हर परिस्थिति में आपके साथ खड़ा है।Ó वरिष्ठ पदाधिकारियों को अपने बीच पाकर बाढ़ प्रभावित समाजबंधुओं का मनोबल उल्लेखनीय रूप से बढ़ा। समाजबंधुओं ने भावुक होकर कहा कि आर्थिक क्षति की भरपाई वे अपने पुरुषार्थ से कर लेंगे, किंतु संकट की इस घड़ी में संगठन के पदाधिकारियों का स्वयं उनके द्वार तक पहुँचकर कुशलक्षेम पूछना, उनका हौसला बढ़ाना और साथ खड़े रहने का विश्वास दिलाना उनके लिए सबसे बड़ा संबल है।

प्रवास के दौरान सभी स्थानों पर समाजबंधुओं ने प्रतिनिधि मंडल का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। पूर्वोत्तर माहेश्वरी सभा ने सभी समाजबंधुओं के स्नेह, सहयोग और उत्कृष्ट आतिथ्य के लिए हृदय से आभार व्यक्त करते हुए समाज की एकता, सेवा और सामाजिक समर्पण की भावना को निरंतर सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal