|
माहेश्वरी महिला मंडल अमरोहा द्वारा दिनांक 14 जून 2026 को स्थानीय गौशाला का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर मंडल की ओर से गौशाला में हरा चारा एवं भूसा भी उपलब्ध कराया गया। मंडल की अध्यक्ष श्रीमती योगेश मालीवाल ने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण अंग है तथा गायों की सेवा करना सर्वोपरि धर्म है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामथ्र्य के अनुसार गौसेवा में योगदान देना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान मंडल की सदस्यों ने गौशाला संचालकों से गायों की देखभाल, उनके रहने की व्यवस्था, पौष्टिक आहार, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया कि गौशाला में चिकित्सकों द्वारा समय-समय पर गायों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है। मंडल ने विशेष रूप से ऐसी गौशाला का चयन किया, जहां सड़कों पर निराश्रित घूमने वाली गायों का संरक्षण एवं पालन-पोषण किया जा रहा है। इस अवसर पर गायों के लिए हरा चारा एवं भूसा भेंट कर गौसेवा का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मंडल की अध्यक्ष योगेश मालीवाल, सचिव वर्षा माहेश्वरी, शिल्पा माहेश्वरी, शालू माहेश्वरी, शालिनी माहेश्वरी, शिवानी, शुचि मालीवाल सहित अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं।
|