| स्व. रामजीदासजी मोदानी की जयंती एवं विद्यालय के 19वें स्थापना दिवस पर फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित |
|
|
स्वतंत्रता सेनानी, उद्योगपति एवं समाजसेवी स्वर्गीय श्री रामजीदासजी मोदानी की जयंती तथा रामजीदास मोदानी पब्लिक स्कूल के 19वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 14 जुलाई 2026 को विद्यालय परिसर में रंगारंग फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2007 में स्व. श्री रामजीदासजी मोदानी की स्मृति एवं उनके जन्मदिवस के अवसर पर इस विद्यालय की स्थापना की गई थी। विद्यालय का शुभारंभ दादूजी महाराज स्वामी श्री गोपालदासजी महाराज, उद्योगपति श्री ओमप्रकाश दरगड़ तथा डॉ. नवलकिशोर मालपानी के करकमलों द्वारा हुआ था। प्रतियोगिता में विद्यालय के 45 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने झांसी की रानी, काली माता, सैनिक, क्रिकेटर, सोलर सिस्टम, पेड़ सहित विभिन्न प्रेरणादायी एवं रचनात्मक पात्रों का रूप धारण कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी सृजनात्मक वेशभूषा और आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनों की खूब सराहना प्राप्त की। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती सुमन मोदानी ने सभी प्रतिभागी बच्चों की प्रशंसा करते हुए उनके शिक्षकों एवं अभिभावकों को भी इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ बच्चों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करती हैं। इस अवसर पर श्री लक्ष्मीनारायण मोदानी, श्रीमती संगीता मोदानी, श्री अनुराग मोदानी, श्रीमती शिवानी मोदानी, श्रीमती प्रीति शर्मा तथा श्रीमती मीनाक्षी राठी भी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अंत में श्री लक्ष्मीनारायण मोदानी ने स्व. श्री रामजीदासजी मोदानी के प्रेरणादायी जीवन, राष्ट्रसेवा, समाजसेवा एवं शिक्षा के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों का अनुसरण करने का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। |
|
| 17 July 2026 |
| अभिनंदन शिक्षा व साहित्य फाउंडेशन व एएमडीएस सोसाइटी ने किया बीकानेर की विभूतियों का सम्मान |