| महेश नवमी पर वर्धा में उमड़ा माहेश्वरी चेतना का सावन |
|
|
माहेश्वरी समाज के वंशोत्पत्ति दिवस महेश नवमी का पर्व इस वर्ष वर्धा में अभूतपूर्व उत्साह, श्रद्धा और वैचारिक गरिमा के साथ मनाया गया। माहेश्वरी मंडल वर्धा एवं समाज की विभिन्न इकाइयों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों ने इस उत्सव को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रखा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, संस्कार संवर्धन, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक उत्तरदायित्व और संगठनात्मक एकता का सशक्त संदेश भी दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रात:काल भगवान महेश के अभिषेक, पूजन एवं आरती से हुआ। इसके पश्चात दिनभर विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य समारोह में नागपुर से पधारीं प्रख्यात साहित्यकार, प्रेरक वक्ता एवं माहेश्वरी पत्रिका की संपादिका किरण मूंदड़ा मुख्य अतिथि रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता माहेश्वरी मंडल वर्धा के अध्यक्ष श्री नंदकिशोर भूतड़ा ने की। मंच पर वरिष्ठ ट्रस्टी श्री दामोदर दरक, महिला संगठन अध्यक्ष सुनीता राठी, नवयुवक मंडल अध्यक्ष ऋषभ जाजू तथा नवयुवती मंडल अध्यक्ष साक्षी चितलांगे सहित समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित थे। अपने ओजस्वी और विचारोत्तेजक उद्बोधन में किरण मूंदड़ा ने पर्यावरण संरक्षण को आज की सबसे महत्वपूर्ण सामाजिक आवश्यकता बताया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण बचाने की शुरुआत व्यक्तिगत जीवनशैली से होनी चाहिए। अपने संबोधन की शुरुआत उन्होंने इन शब्दों से की - 'मैं भाषण की पोटली नहीं, आचरण की ज्योति बांटने आई हूं।' उन्होंने पॉलिथीन को सभ्यता के माथे का कलंक तथा डिस्पोजल सामग्री को धरती की छाती का छाला बताते हुए इनके उपयोग को बंद करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हम जिस धरती से जीवन प्राप्त करते हैं, उसी को प्रदूषित करना हमारी सबसे बड़ी भूल है। अपने व्यक्तिगत जीवन के उदाहरण साझा करते हुए उन्होंने बताया कि वे यात्रा के दौरान हमेशा स्टील की पानी की बोतल, कपड़े का थैला और निजी बर्तन साथ रखती हैं, जिससे प्लास्टिक कचरे को रोका जा सके। समारोह के दौरान विभिन्न व्यक्तित्वों का सम्मान किया गया जिसमे गौ सेवा सम्मान से समाजसेवी श्री प्रकाश भूतड़ा एवं श्रीमती शारदा चांडक को, रक्तदाता सम्मान 75 से अधिक बार रक्तदान कर मानव सेवा का उदाहरण प्रस्तुत करने वाले श्री नरेश चांडक को प्रदान किया गया। वर्धा जिला माहेश्वरी संगठन के नवमनोनीत अध्यक्ष सीए राजेंद्र भूतड़ा एवं शोभा गांधी का भी अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर सीए राजेंद्र भूतड़ा ने आगामी तीन वर्षों के लिए समाजोपयोगी योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की। प्रा. ललित राठी के संयोजन में समाज के 20 मेधावी छात्र-छात्राओं को पदक देकर सम्मानित किया गया। वहीं 'गौ माता' विषयक राष्ट्रीय निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले माहेश्वरी मंडल के समन्वयक राजकुमार जाजू का भी विशेष सम्मान किया गया।
मुख्य कार्यक्रम के पश्चात हिना ललित राठी के संचालन में 'समाज निर्माण में महिला शक्ति एवं संवाद की भूमिका' विषय पर विशेष महिला परिचर्चा आयोजित की गई। इस अवसर पर किरण मूंदड़ा ने कहा कि आधुनिक परिवारों में बढ़ती संवादहीनता संबंधों को कमजोर कर रही है। महिलाओं को परिवार की धुरी बताते हुए उन्होंने नई पीढ़ी के साथ सार्थक संवाद स्थापित करने तथा संगठनात्मक नेतृत्व में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने नवयुवतियों को शिक्षा, संगठन और सेवा के माध्यम से समाज को नई दिशा देने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर उन्होंने अपनी कृति 'माहेश्वरी गौरव ग्रंथ' समाज अध्यक्ष को भेंट की। नागपुर से पधारीं अर्चना बिंझानी एवं कल्पना मोहता का भी स्वागत किया गया। महेश नवमी के उपलक्ष्य में स्वर्गीय पुष्पलता चित्रकुमार झंवर की स्मृति में माहेश्वरी नवयुवक मंडल द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 31 रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। विशेष रूप से श्री नरेश चांडक ने अपने परिवार सहित रक्तदान कर समाज को प्रेरित किया।
संध्याकाल में निकाली गई भव्य शोभायात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। बैंड-बाजों की मधुर धुनों, भगवान महेश के जयघोष, केसरी परिधानों में सुसज्जित महिलाओं तथा पारंपरिक साफों में सजे पुरुषों ने शोभायात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान किया। यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा एवं शीतल पेय वितरण कर स्वागत किया गया। श्री रवि भाऊ शेंडे के नेतृत्व में वर्धा जिला कृषि सेवा संघ तथा समाजसेवी श्री गिरीश मांडवीया सहित अनेक नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत नवयुवती मंडल द्वारा बाल कलाकारों के माध्यम से '12 ज्योतिर्लिंग दर्शन' एवं 'रामजी की सेना' की मनोहारी प्रस्तुतियां दी गईं। वहीं महिला संगठन द्वारा विवाह समारोहों में बढ़ते दिखावे और अनावश्यक खर्च पर आधारित एक प्रभावी नाटिका प्रस्तुत कर समाज को आत्ममंथन का संदेश दिया। गांधीवादी सादगी का परिचय देते हुए अतिथियों का स्वागत सूत की मालाओं से किया गया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन राजकुमार जाजू ने किया तथा सचिव हरीश गांधी ने आभार व्यक्त किया। गांधीवादी विचारों के संवाहक डॉ. उल्लास जाजू ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। महेश नवमी का यह आयोजन वर्धा में सामाजिक चेतना, पर्यावरणीय जिम्मेदारी, सांस्कृतिक गौरव और संगठनात्मक एकता का अनुपम उदाहरण बन गया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जब समाज परंपरा और प्रगति को साथ लेकर चलता है, तब उत्सव केवल आयोजन नहीं बल्कि नव निर्माण का माध्यम बन जाता है।
|
|
| 25 June 2026 |
| महेश नवमी पर तिनसुकिया में दो दिवसीय आयोजन सम्पन्न, खेल प्रतियोगिताओं, प्रतिभा सम्मान एवं योग शिविर ने बांधा समां |
|
| 25 June 2026 |
| महेश नवमी पर वर्धा में उमड़ा माहेश्वरी चेतना का सावन |