महेश नवमी पर तिनसुकिया में दो दिवसीय आयोजन सम्पन्न, खेल प्रतियोगिताओं, प्रतिभा सम्मान एवं योग शिविर ने बांधा समां

माहेश्वरी समाज के उत्पत्ति दिवस महेश नवमी के पावन अवसर पर माहेश्वरी परिवार, तिनसुकिया द्वारा पूरे अंचल के लिए दो दिवसीय भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। धार्मिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों से परिपूर्ण इस आयोजन में समाज के सभी वर्गों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।

कार्यक्रम के प्रथम दिवस 21 जून को महेश भवन, तिनसुकिया में प्रात: 10 बजे से विभिन्न इंडोर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में शतरंज, लूडो, टेबल टेनिस, कैरम, बैडमिंटन, सीक्वेंस, प्लेइंग कार्ड्स तथा 10 वर्ष तक के बच्चों के लिए ड्रॉइंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इन प्रतियोगिताओं में बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं पुरुषों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। अनेक प्रतिभागियों ने एक साथ दो से पाँच खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिताओं के दौरान प्रतिभागियों के लिए अल्पाहार एवं रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था भी की गई। प्रतियोगिताओं का निर्धारित समय दोपहर 2 बजे तक था, किंतु प्रतिभागियों की अधिक संख्या के कारण खेलों का आयोजन सायं 4:30 बजे तक चलता रहा। इसी दौरान सभी ने सामूहिक भोजन का आनंद भी लिया।

इस अवसर पर माहेश्वरी परिवार, तिनसुकिया अंचल के वर्ष 2026 में कक्षा 10वीं, 12वीं, जेईई, नीट, सीए, सीएस एवं सीएमए जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले 14 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही उनकी उपलब्धियों एवं परीक्षा परिणामों का विवरण फोटो सहित आकर्षक बैनर के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।

खेल प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म मोजो न्यूज़ के श्री रिशु एवं श्रीमती सोनम कलंत्री को उनकी उत्कृष्ट पत्रकारिता एवं रिपोर्टिंग के लिए असमिया संस्कृति के प्रतीक फुलन गमछा पहनाकर सम्मानित किया गया।

संयोगवश उसी दिन फादर्स डे भी होने के कारण बच्चों एवं युवाओं ने अपने पिता के सम्मान में केक काटकर विशेष उत्सव मनाया। प्रथम दिवस के आयोजन को सफल बनाने में संयोजक गौरव खेमानी, पूजा बाहेती, चिराग सारड़ा एवं उनकी टीम का विशेष योगदान रहा।

द्वितीय दिवस 23 जून, महेश नवमी के दिन भगवान महेश (भगवान शिव) की पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात 'रोग अनुसार योग' विषय पर विशेष योग सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला पतंजलि मुख्य सलाहकार एवं योग प्रशिक्षक श्रीमती प्रीति पौद्दार का फुलन गमछा पहनाकर सम्मान किया गया।

प्रात: 9:45 बजे से 11:45 बजे तक चले दो घंटे के विशेष योग सत्र में विभिन्न रोगों के अनुसार योगाभ्यास की उपयोगी जानकारी एवं अभ्यास कराया गया। उपस्थित समाजजनों ने इस सत्र की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्यवर्धक कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की। सत्र का समापन अल्पाहार के साथ हुआ।

योग शिविर के सफल संचालन में श्रीमती रजनी सारड़ा एवं श्रीमती किरण माहेश्वरी (कास्ट) तथा उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दो दिवसीय आयोजन ने समाज में एकता, संस्कार, स्वास्थ्य जागरूकता एवं प्रतिभा सम्मान की भावना को सुदृढ़ किया। इस अवसर पर समाजजनों ने एक-दूसरे को महेश नवमी की शुभकामनाएं देते हुए भगवान महेश से समस्त माहेश्वरी परिवार के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal