उद्यमी व समाजसेवी रामकुमार मूंधड़ा सूरत'महेश रत्न' सम्मान से अलंकृत

महेश नवमी महोत्सव 2026 के पावन अवसर पर सूरत प्रवासी दुलचासर (बीकानेर) निवासी प्रख्यात उद्योगपति एवं समाजसेवी रामकुमार मूंधड़ा को माहेश्वरी समाज के सर्वोच्च एवं प्रतिष्ठित सम्मान 'महेश रत्न' से सम्मानित किया गया। सूरत जिला माहेश्वरी सभा द्वारा आयोजित भव्य समारोह में उन्हें यह सम्मान समाज, राष्ट्र, शिक्षा, धर्म और जनकल्याण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।

सम्मान की घोषणा होते ही समारोह स्थल तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। उपस्थित समाजबंधुओं, पदाधिकारियों एवं गणमान्य अतिथियों ने खड़े होकर उनका अभिनंदन किया। सम्मान प्राप्त करने के साथ ही समस्त मूंधड़ा परिवार में हर्ष और गौरव का वातावरण छा गया।

सूरत के सिटीलाइट स्थित माहेश्वरी भवन में आयोजित समारोह में वक्ताओं ने कहा कि रामकुमार मूंधड़ा केवल एक सफल उद्यमी ही नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व के जीवंत प्रतीक हैं। समाज, गांव, राष्ट्र, मंदिर, शिक्षा तथा जरूरतमंदों की सहायता के प्रति उनकी निरंतर सक्रियता उन्हें विशिष्ट पहचान प्रदान करती है।

समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने उनके सामाजिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक क्षेत्रों में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने जीवनभर जनसेवा, परोपकार और मानवीय मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। जरूरतमंद परिवारों की सहायता, शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग तथा सामाजिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।

वक्ताओं ने कहा कि 'महेश रत्न' सम्मान केवल रामकुमार मूंधड़ा की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उस सेवा-परंपरा का सम्मान है जिसे उन्होंने अपने कर्मों से जीवंत बनाया है। समाज के प्रति उनकी निष्ठा, सहयोग की भावना और सामूहिक विकास के लिए निरंतर प्रयास उन्हें समाज के अग्रणी व्यक्तित्वों में स्थान दिलाते हैं।

इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, महिला संगठन, युवा संगठन एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि रामकुमार मूंधड़ा का जीवन समाजसेवा, परोपकार और समर्पण की ऐसी मिसाल है, जो आने वाली पीढिय़ों को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करती रहेगी।

सम्मान ग्रहण करने के बाद रामकुमार मूंधड़ा ने माहेश्वरी समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा और जिम्मेदारी दोनों है। उन्होंने समाजहित और जनकल्याण के कार्यों को आगे भी निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

महेश नवमी महोत्सव के दौरान प्रदान किया गया यह सम्मान समाज में सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों की भावना को सुदृढ़ करने वाला एक महत्वपूर्ण क्षण बन गया। 'महेश रत्न' सम्मान ने रामकुमार मूंधड़ा के सेवामय जीवन को नई पहचान देते हुए उन्हें समाज के समक्ष एक प्रेरक आदर्श के रूप में स्थापित किया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal