महेश नवमी पर हरियाली का संकल्प, कृष्णलीला धाम में हुआ पौधारोपण

महेश नवमी महोत्सव के अंतर्गत माहेश्वरी समाज द्वारा धार्मिक आयोजनों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए कृष्णलीला धाम में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के सदस्यों ने विभिन्न प्रजातियों के फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रवि प्रकाश दरगड़ ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय असंतुलन को दूर करने के लिए पौधारोपण समय की आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का दायित्व निभाने का आह्वान किया।

इसी क्रम में श्री डीडू माहेश्वरी युवक मंडल (रजि.) द्वारा आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि राजकुमार जाखेटिया ने ओम स्वामी आश्रम में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और आने वाली पीढिय़ों के प्रति हमारा कर्तव्य है। अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनका संरक्षण करना समय की मांग है।

विशिष्ट अतिथि राजेन्द्र जाजोदिया ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों के माध्यम से पौधारोपण जैसे कार्यक्रम जनजागरण का प्रभावी माध्यम बन सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित समाजजनों ने पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। सभी ने प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसे विकसित करने का प्रण दोहराते हुए प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर मुख्य व्यवस्थापक सुनील अग्रवाल ने सभी अतिथियों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। पौधारोपण के उपरांत अतिथियों का सम्मान भी किया गया।

महेश नवमी के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण का संदेश दिया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal