| माहेश्वरी महिला मण्डल सरदारशहर के महा-स्वास्थ्य जांच शिविर ने रचा सेवा का नया कीर्तिमान |
|
|
|
समाज सेवा एवं जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए माहेश्वरी महिला मण्डल, सरदारशहर द्वारा माहेश्वरी ट्रस्ट के तत्वावधान में महेश नवमी के उपलक्ष्य में आयोजित महा-स्वास्थ्य जांच शिविर अभूतपूर्व सफलता के साथ संपन्न हुआ। इस जनहितकारी आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर विभिन्न स्वास्थ्य जांचों का लाभ प्राप्त किया। महा-स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ डॉ. वंदना भटनागर एवं समाज की वरिष्ठ सदस्य भगवती देवी पेड़ीवाल के करकमलों द्वारा भगवान आशुतोष के समक्ष दीप प्रज्वलित कर तथा महेश वंदना के साथ किया गया। शिविर में डॉ. बीना शर्मा (होम्योपैथी), डॉ. पूनमचंद भाटी, श्री कृष्ण करवा तथा लैब संचालक मनोज कुमार पारीक ने अपनी विशेष सेवाएं प्रदान कीं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में कुल 165 लाभार्थियों की विभिन्न स्वास्थ्य जांचें की गईं, जिनमें सीबीसी, लिपिड प्रोफाइल, थायरॉयड प्रोफाइल, शुगर फास्टिंग, HbAvc, एलएफटी, आरएफटी, विटामिन बी-12 एवं विटामिन डी जैसी महत्वपूर्ण जांचें शामिल रहीं।
शिविर ने आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने तथा समय रहते रोगों की पहचान कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस सफल आयोजन के पीछे माहेश्वरी ट्रस्ट, माहेश्वरी महिला मण्डल परिवार की समस्त सदस्याओं तथा माहेश्वरी युवा संगठन एवं समाज के सम्मानित बंधुओं की अथक मेहनत, समर्पण एवं सेवा भावना का विशेष योगदान रहा। महिला मण्डल की अध्यक्ष अनुराधा चांडक, मंत्री प्रियंका खटोड़, प्रेरणा लखोटिया एवं स्वर्णिम आरोग्य समिति संयोजिका निर्मला डागा सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। माहेश्वरी ट्रस्ट के चेयरमैन राजकुमार करनाणी ने महिला मण्डल की पूरी टीम को इस ऐतिहासिक एवं जनहितकारी आयोजन की सफलता पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि समाज सेवा के ऐसे कार्य न केवल समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाते हैं, बल्कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का भी प्रभावी माध्यम बनते हैं। उन्होंने महिला मण्डल की संगठन क्षमता, सेवा भावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की सराहना करते हुए इसे पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
|
|
| 16 June 2026 |
| नीलाक्ष राठी, रायपुर ने बढाया समाज का गौरव |