लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने हल्द्वानी में माहेश्वरी समाज की सराहना की

लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में माहेश्वरी समाज के बंधु-भगिनियों से मुलाकात कर समाज के सेवा, त्याग एवं सदाचार आधारित योगदान की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भगवान महेश के वंशजों ने देशभर में व्यापार, उद्योग, शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है।

श्री बिरला ने कहा कि माहेश्वरी समाज ने अपनी कर्मठता, ईमानदारी और दूरदृष्टि के बल पर न केवल आर्थिक समृद्धि अर्जित की है, बल्कि सामाजिक मूल्यों को भी सशक्त किया है। उन्होंने विशेष रूप से हल्द्वानी को उत्तराखंड के प्रमुख व्यापारिक केंद्र के रूप में स्थापित करने में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।

उन्होंने कहा कि व्यापारिक विकास, रोजगार सृजन और सामाजिक समरसता में माहेश्वरी समाज का योगदान स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। समाज के प्रतिनिधियों से संवाद के दौरान उन्होंने वर्तमान समय में परंपराओं और आधुनिकता के बीच संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

लोकसभा अध्यक्ष ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए नवाचार, शिक्षा और उद्यमिता की दिशा में आगे बढऩा चाहिए, ताकि समाज और राष्ट्र दोनों की निरंतर प्रगति सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे तथा श्री ओम बिरला का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal