श्री महेश नवयुवक मंडल, इचलकरंजी द्वारा 'स्वच्छता संकल्प' का भव्य शुभारंभ

श्री महेश सेवा समिति इचलकरंजी के अंतर्गत कार्यरत श्री महेश नवयुवक मंडल, इचलकरंजी द्वारा वर्ष 2026 में संचालित 'संकल्प यात्रा' के तहत अप्रैल माह के संकल्प 'स्वच्छता - हमारी जिम्मेदारी' का भव्य शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। इस संकल्प का शुभारंभ माहेश्वरी प्रीमियर लीग (MPL Season 6) के मंच पर गणमान्य अतिथियों के करकमलों से संपन्न हुआ। इस अवसर पर इचलकरंजी के महापौर श्री उदय धातुंडे, उपमहापौर श्री अनिल डालिया, समृद्धि ग्रुप के चेयरमैन एवं MPL के टाइटल स्पॉन्सर श्री रामकांत मालू, महाराष्ट्र प्रदेश माहेश्वरी युवा संगठन के अध्यक्ष श्री विनित तोषनीवाल तथा श्री महेश सेवा समिति के अध्यक्ष श्री द्वारकाधीश सारडा विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी कदम बताया।

संकल्प यात्रा 2026 के अंतर्गत प्रत्येक माह एक व्यवहारिक एवं संस्कारयुक्त विषय पर संकल्प लिया जा रहा है, जिसका उद्देश्य समाज में सकारात्मक आदतों का विकास करना है। इसी क्रम में अप्रैल माह के लिए स्वच्छता को विषय बनाते हुए सभी से अपील की गई कि वे कचरा सदैव डस्टबिन में डालें और जिम्मेदार नागरिक बनें।

इस वर्ष माहेश्वरी प्रीमियर लीग के माध्यम से "Cricket for Cleanliness" की अनूठी पहल भी शुरू की गई है। इसके अंतर्गत हर डॉट बॉल पर 25/- की राशि स्वच्छता निधि में जमा की जा रही है, जिसका उपयोग स्वच्छता संबंधित कार्यों एवं जनजागरण अभियानों में किया जाएगा। यह अभिनव प्रयास खेल के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देने का सशक्त माध्यम बन रहा है।

मंडल के अध्यक्ष श्री अखिल अशोककुमार बाहेती एवं सचिव श्री अक्षय अजय जाखोटिया के नेतृत्व में संपूर्ण कार्यकारिणी इस संकल्प को स्वयं अपनाते हुए समाज में इसके व्यापक प्रसार हेतु सक्रिय रूप से कार्यरत है। मंडल के सदस्य विभिन्न संस्थाओं एवं समाज के वर्गों तक पहुँचकर इस संदेश को साझा कर रहे हैं और सभी को इसे अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

इस अवसर पर यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवन की अनिवार्य आदत है। प्रत्येक व्यक्ति का छोटा प्रयास मिलकर समाज में बड़ा परिवर्तन ला सकता है।

अंत में, श्री महेश नवयुवक मंडल, इचलकरंजी ने समाज के सभी बंधुओं से इस संकल्प यात्रा में सहभागी बनने तथा स्वच्छता को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal