माहेश्वरी समाज, फरीदाबाद द्वारा गणगौर की भव्य शोभायात्रा का आयोजन

फरीदाबाद (सेक्टर-7) में माहेश्वरी महिला संगठन द्वारा दिनांक 15 मार्च 2026 को गणगौर की भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सेक्टर-7 स्थित माहेश्वरी भवन से माहेश्वरी महिला संगठन द्वारा, माहेश्वरी मंडल (पंजीकृत) फरीदाबाद के तत्वावधान में यह शोभायात्रा बड़े ही पारंपरिक और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई।

चैत्र मास के इस पावन अवसर पर समाज की महिलाओं और पुरुषों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। महिलाओं ने रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित होकर ईसर-गौरा की प्रतिमा की पूजा-अर्चना की तथा भक्ति गीतों के माध्यम से माहौल को भक्तिमय बना दिया। भगवान शिव एवं माता पार्वती की आराधना कर महिलाओं ने अखंड सौभाग्य, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।

शोभायात्रा सेक्टर-7 माहेश्वरी भवन से प्रारंभ होकर सेक्टर-14 स्थित नारायण झंवर के निवास तक पहुँची, जहाँ अनेक गणमान्य नागरिकों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इस अवसर पर सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियाँ भी दी गईं।

इसके पश्चात ग्रेटर फरीदाबाद की एसपीआर सोसाइटी में श्रीकांत दम्मानी एवं उनके परिवार द्वारा शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। यहाँ विभिन्न प्रकार के व्यंजनों से गणगौर माता को भोग अर्पित किया गया तथा महिलाओं ने आकर्षक घूमर नृत्य प्रस्तुत किया। ढोल-नगाड़ों की धुन पर युवाओं ने भी भरपूर आनंद लिया। श्री दमानी ने कहा कि यह आयोजन समाज की एक विशेष पहचान बन चुका है, जिसका श्रेय महिला मंडल की समर्पित भूमिका को जाता है।

इसके बाद सेक्टर-28 में देवेश चांडक, टी.पी. माहेश्वरी एवं अन्य सदस्यों द्वारा शोभायात्रा का स्वागत किया गया। दो नन्हीं बालिकाओं ने पारंपरिक गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया।

सेक्टर-22 में श्री मोहन लखोटिया परिवार द्वारा पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का अभिनंदन किया गया। यहाँ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बच्चों से लेकर युवाओं एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गणगौर माता को विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया।

अंत में सेक्टर-7 स्थित मारवाड़ी चौक पर राकेश सोनी, आनंद बागड़ी एवं टीम द्वारा शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। महिलाओं ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम का समापन किया। पूरे आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक संगीत ने वातावरण को उल्लासमय बनाए रखा।

रात्रि लगभग 9:30 बजे शोभायात्रा का समापन पुन: माहेश्वरी भवन, सेक्टर-7 में हुआ। इस अवसर पर समाज के लगभग 400 से अधिक सदस्य उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में समाज की एकता, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक देखने को मिली।

इस आयोजन में माहेश्वरी भवन के अध्यक्ष रामकुमार राठी, सचिव महेश गट्टानी, महिला विंग की अध्यक्ष ममता भट्टर, सचिव सविता गट्टानी, पुष्पा झंवर, युवा विंग अध्यक्ष अमित बागड़ी, सचिव मनीष बिहानी सहित अनेक गणमान्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।

साथ ही 17 मार्च 2026 को माहेश्वरी महिला मंडल द्वारा गणगौर सिंजारा कार्यक्रम भी धूमधाम से आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 225 युवतियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में तंबोला, नृत्य-नाटिका, गीत एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं ने सभी का मन मोह लिया। इस सफल आयोजन में इंदु बिहानी, सरिता सोमानी, मैना सोनी, शकुंतला बागड़ी, सुलोचना मालपानी, श्वेता सोमानी एवं समस्त महिला मंडल का विशेष योगदान रहा।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal