| पूर्वोत्तर राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा का सम्मान समारोह एवं संयुक्त बैठक सम्पन्न |
|
|
पूर्वोत्तर राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा द्वारा जयपुर के साइंस पार्क ऑडिटोरियम हॉल में भव्य सम्मान समारोह एवं कार्यसमिति-कार्यकारी मंडल की संयुक्त बैठक का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के सभापति श्री संदीप काबरा एवं संयुक्त मंत्री श्री रमाकांत बाल्दी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में राजस्थान उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति श्री दिनेशचन्द्र सोमानी, जयपुर माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष श्री उमेश सोनी, प्रदेश सभा के प्रथम अध्यक्ष श्री राधेश्याम परवाल तथा समारोह अध्यक्ष श्री ज्योति कुमार माहेश्वरी (सोमानी) मंचासीन रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महेश एवं माँ भारती की पूजा-अर्चना, महेश वंदना एवं वंदे मातरम् के साथ किया गया। प्रदेश सभा के वरिष्ठ संयुक्त मंत्री श्री नवलकिशोर झंवर के आकस्मिक निधन पर सभी ने खड़े होकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्य वक्ता श्री संदीप काबरा ने अपने संबोधन में महासभा की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर बल देते हुए कहा कि सभी स्थानीय एवं प्रादेशिक इकाइयों को मिलकर कार्य करना चाहिए, जिससे समाज को अधिकतम लाभ मिल सके। श्री उमेश सोनी ने सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया। समारोह में अंतर्राष्ट्रीय माहेश्वरी महाधिवेशन में सम्मानित विभूतियों—श्री ज्योति कुमार माहेश्वरी, लेखराज लदड़, डॉ. संजय बियानी, डॉ. राधा माहेश्वरी, श्रीमती वीणा मोदानी एवं पुलिस अधीक्षक श्री हरिप्रसाद सोमानी का पुष्प, शॉल एवं श्रीगणेशजी की प्रतिमा भेंट कर सम्मान किया गया। इसके साथ ही प्रदेश सभा के सहयोगदाताओं एवं कर्मठ कार्यकर्ताओं—रामअवतार आगीवाल, निरंजन राठी, बृजेश लड्ढा, श्याम मंत्री सहित अन्य समाजबंधुओं—का भी सम्मान किया गया। भोजनोपरांत कार्यसमिति की सप्तम एवं कार्यकारी मंडल की तृतीय बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष श्री जुगलकिशोर सोमाणी ने की। बैठक में पूर्व बैठकों की कार्यवाही की पुष्टि की गई तथा वित्तीय विवरण प्रस्तुत किया गया। अर्थमंत्री द्वारा वर्ष 2024-25 एवं 28 फरवरी 2026 तक का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही बैंक राशि के बेहतर उपयोग हेतु एफ.डी. में निवेश का प्रस्ताव भी पारित किया गया। आगामी सत्र के चुनाव हेतु जयपुर जिला सभा द्वारा प्रस्तावित नामों को ही भेजने का निर्णय लिया गया। प्रदेशाध्यक्ष ने जानकारी दी कि वर्ष 2025 में विभिन्न न्यासों के माध्यम से लगभग 50 लाख रुपये की सहायता समाज को प्राप्त हुई है। उन्होंने आगामी सत्र में अधिक से अधिक परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने, ABMM संपर्क (परिवार जानकारी) को अपडेट करने एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की आय वृद्धि पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। इसके अतिरिक्त छात्रावास, शिक्षा सहयोग योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं किशोर-किशोरी संगठनों के गठन पर भी बल दिया गया। अंत में सभी उपस्थित सदस्यों को गिफ्ट-पैक वितरित किए गए। शॉल, श्रीगणेशजी की प्रतिमाएं एवं गिफ्ट-पैक प्रदेश मंत्री श्री राजकुमार धूत द्वारा भेंट किए गए, जिनका सदन ने करतल ध्वनि से आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। |
|
| 18 March 2026 |
| माहेश्वरी महिला मंडल, मैसूर (कर्नाटक) की बैठक संपन्न |