माहेश्वरी मंडल, वर्धा द्वारा शरद पूर्णिमा उत्सव-2026 का भव्य आयोजन

माहेश्वरी मंडल, वर्धा की ओर से शरद पूर्णिमा उत्सव-2026 का भव्य आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में अकोला से पधारे प्रमुख अतिथि डॉ. महेश मूंधड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान मंडल द्वारा आयोजित 'आपणो उत्सव-2026Ó के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. महेश मूंधड़ा ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि संयुक्त परिवार समाज की नींव है और परिवार ही संस्कारों की प्रथम पाठशाला है। परिवार में ही बच्चों को अनुशासन, बड़ों के प्रति सम्मान, आपसी सहयोग, त्याग एवं नैतिक मूल्यों की शिक्षा मिलती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली के बीच संयुक्त परिवार की परंपरा, पारिवारिक आत्मीयता और सांस्कृतिक विरासत को बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। परिवार के सभी सदस्यों के बीच प्रेम, विश्वास और सहयोग की भावना समाज को मजबूत आधार प्रदान करती है।

उन्होंने युवा पीढ़ी को समाज की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि युवाओं को अपनी प्रतिभा, ज्ञान एवं ऊर्जा का उपयोग समाजहित और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में करना चाहिए। साथ ही उन्होंने सामाजिक एकता, पारस्परिक सहयोग और अपनी सांस्कृतिक परंपराओं एवं संस्कारों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का कुशल संचालन दामिनी टावरी ने किया तथा अतिथि परिचय उमेश टावरी ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर 'आपणो उत्सव-2026Ó के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए। पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का उपस्थित समाजबंधुओं ने उत्साहवर्धन किया और उनकी प्रतिभा एवं उपलब्धियों की सराहना की।

समारोह में माहेश्वरी मंडल के अध्यक्ष नंदकिशोर भूतड़ा, माहेश्वरी महिला मंडल की अध्यक्षा सौ. सुनीता राठी, माहेश्वरी नवयुवक मंडल के अध्यक्ष ऋषभ जाजू तथा माहेश्वरी नवयुवती मंडल की अध्यक्षा कु. साक्षी चितलांगे मंचासीन रहे। सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. महेश मूंधड़ा का विशेष सम्मान किया गया। वर्धा की ऐतिहासिक पहचान एवं प्रसिद्धि के प्रतीक चरखे का स्मृति-चिह्न सीए जगदीश चांडक ने उन्हें भेंट कर सम्मानित किया। यह सम्मान वर्धा की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को भी दर्शाता रहा।

कार्यक्रम के अंत में मंडल के सचिव हरीश गांधी ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, आयोजकों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित समाजबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

शरद पूर्णिमा उत्सव-2026 का यह आयोजन धार्मिक एवं सांस्कृतिक उल्लास के साथ सामाजिक एकता, पारिवारिक मूल्यों, आपसी सद्भाव और सामूहिक सहभागिता का संदेश देने वाला रहा। कार्यक्रम ने संयुक्त परिवार की महत्ता तथा समाज की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के संकल्प को भी मजबूती प्रदान की।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal