पथिक नगर माहेश्वरी समाज संस्थान भीलवाड़ा ने समाजबंधुओं का किया अभिनंदन

पथिक नगर माहेश्वरी समाज संस्थान, भीलवाड़ा की ओर से सामाजिक सेवा, संगठनात्मक नेतृत्व एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले पांच विशिष्ट समाजबंधुओं का अभिनंदन किया गया। संस्थान के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर इन विभूतियों को सम्मानित करते हुए उनकी उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा समाजहित में उनके योगदान की सराहना की।

संस्थान की ओर से कंचन इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन लादूराम बांगड़ एवं संदीप हुंडई के डायरेक्टर श्रीगोपाल राठी को जयपुर में माहेश्वरी समाज द्वारा 'भारत माहेश्वरी गौरवÓ सम्मान से सम्मानित किए जाने पर उनके निवास स्थान पर पहुंचकर अभिनंदन किया गया। उल्लेखनीय है कि दोनों समाजसेवियों को सामाजिक सेवा, जनकल्याण एवं समाज के उत्थान के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए जयपुर माहेश्वरी समाज की ओर से यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया था।

इसी क्रम में अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के महासचिव पद पर राजकुमार कालिया के मनोनीत होने पर संस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने गुलाबपुरा स्थित उनके कार्यालय पहुंचकर अभिनंदन किया तथा नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके अतिरिक्त भीलवाड़ा के कैलाश कोठारी को अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के पश्चिमांचल उपाध्यक्ष पद का दायित्व मिलने पर संस्थान की ओर से सम्मानित किया गया। वहीं राधेश्याम सोमानी के भीलवाड़ा नगर निगम के उपमहापौर बनने पर संस्थान के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके कार्यालय पहुंचकर अभिनंदन किया और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष बनवारी सोमानी ने कहा कि इन पांचों विशिष्ट समाजबंधुओं का सम्मान करते हुए संपूर्ण पथिक नगर माहेश्वरी समाज गौरव का अनुभव कर रहा है। इनकी उपलब्धियां न केवल भीलवाड़ा, बल्कि समस्त माहेश्वरी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। समाजसेवा के प्रति इनका समर्पण, संगठनात्मक कार्यक्षमता एवं नेतृत्व समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इनके अनुभव, मार्गदर्शन एवं सक्रिय सहयोग से समाज में एकता, संगठन और सेवा की भावना को और अधिक मजबूती मिलेगी।

अभिनंदन कार्यक्रमों में पथिक नगर माहेश्वरी समाज संस्थान के संरक्षक दामोदर लढ्ढा, शंभू काबरा, देवेंद्र सोमानी, मंत्री महावीर अजमेरा, उपाध्यक्ष शांतिलाल काबरा, कोषाध्यक्ष सत्येंद्र तोतला, संयुक्त सचिव महावीर सोनी, संजय बियानी तथा नगर प्रतिनिधि ओमप्रकाश काबरा सहित संस्थान के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।

सभी पदाधिकारियों ने सम्मानित विभूतियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि उनके कुशल नेतृत्व, दूरदर्शिता एवं समाज के प्रति समर्पण से माहेश्वरी समाज और अधिक सुदृढ़, संगठित एवं प्रगतिशील बनेगा तथा सामाजिक सेवा और विकास के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal