प्रोफेसर डॉ. नरसिंह बिनानी बीकानेर 'लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड; एवं 'गुरु गौरव सम्मान' से हुए सम्मानित

शिक्षा, रोजगार-स्वरोजगार, युवा प्रेरणा, साहित्य सृजन एवं शोध के क्षेत्र में करीब 45 वर्षों से उल्लेखनीय योगदान दे रहे मल्टी स्किल डेवलपमेंट एसोसिएशन के सीईओ, पूर्व प्रिंसिपल, चिंतक एवं लेखक प्रोफेसर डॉ. नरसिंह बिनानी बीकानेर  को दो प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया गया। उन्हें 'लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड' तथा 'गुरु गौरव सम्मान' प्रदान किया गया।

प्रोफेसर डॉ. बिनानी ने मानव निर्मित संसार की सर्वाधिक लंबी विश्वप्रसिद्ध इन्दिरा गांधी नहर परियोजना पर शोध कर जयपुर स्थित राजस्थान विश्वविद्यालय से पीएच.डी. (डॉक्टरेट) की उपाधि प्राप्त की है। वे लंबे समय से बीकानेर में शिक्षा, साहित्य, युवा रोजगार-स्वरोजगार, मोटिवेशनल लेखन एवं स्तंभ लेखन के माध्यम से सामाजिक चेतना और युवा प्रेरणा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनके लेखों में मानवीय संवेदनाओं, समसामयिक विषयों एवं जीवनोपयोगी विचारों का प्रभावी प्रस्तुतीकरण देखने को मिलता है। उनकी मोटिवेशनल लेखों की पुस्तक 'युवा उड़ान' पाठकों एवं विशेष रूप से युवाओं के बीच चर्चित रही है।

शिक्षा, शोध, युवा लेखन एवं साहित्य के क्षेत्र में उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल, नरसी ग्रुप एवं अन्य संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में उन्हें 'लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड' प्रदान किया गया। बीकाजी ग्रुप के चेयरमैन दीपक अग्रवाल, तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर डॉ. अखिल रंजन गर्ग, जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारका प्रसाद पचीसिया, रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल के अध्यक्ष विपिन लढ्ढा, रोटेरियन राजेश चूरा, नारी शक्ति संगठन की अध्यक्ष मधु खत्री सहित अन्य अतिथियों ने उन्हें सम्मानित किया।

इसी क्रम में लोकराग फाउंडेशन एवं डॉ. श्याम अग्रवाल शिशु हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एक अन्य समारोह में प्रोफेसर डॉ. नरसिंह बिनानी को 'गुरु गौरव सम्मान' से सम्मानित किया गया। समारोह में बीकानेर के संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, वेटरनरी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर डॉ. सुमंत व्यास, शिशुरोग विशेषज्ञ डॉ. श्याम अग्रवाल, वरिष्ठ साहित्यकार एवं व्यंग्यकार बुलाकी शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने उन्हें सम्मान प्रदान किया।

प्रोफेसर डॉ. नरसिंह बिनानी को दो प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किए जाने पर शिक्षा, साहित्य, युवा, संस्कृति एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े विद्वानों, साहित्यकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, परिजनों, शुभचिंतकों एवं गणमान्यजनों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। डॉ. बिनानी ने सम्मान एवं शुभकामनाओं के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal