स्व. सोहनलाल गट्टाणी की षष्टम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, पौधारोपण एवं गौ-प्रसादी कार्यक्रम

माहेश्वरी सभा (शहर), बीकानेर के तत्वावधान में 3-9-2026 को स्व. श्री सोहनलाल जी गट्टाणी की षष्टम पुण्यतिथि पर श्री मुरली मनोहर गौशाला, मुरली मनोहर मैदान, भीनासर में गौ-प्रसादी, पौधारोपण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाजबंधुओं ने गौ-सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए स्व. गट्टाणी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक हरिनाम संकीर्तन एवं मंत्रोच्चार से हुई। 'वसुदेवसुतं देवं कंसचाणूरमर्दनम्। देवकीपरमानन्दं कृष्णं वन्दे जगद्गुरुम्॥' सहित भक्ति मंत्रों के उच्चारण से गौशाला परिसर भक्तिमय हो उठा। हरिनाम संकीर्तन के बीच गौ-सेवा और प्रकृति संरक्षण का संदेश भी प्रभावी रूप से सामने आया।

इस अवसर पर समाजबंधुओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा गौशाला में गौ-सेवा में सहभागी बनकर स्व. सोहनलाल जी गट्टाणी की पुण्य स्मृति को नमन किया।

माहेश्वरी सभा (शहर) के अध्यक्ष सुनील सारड़ा ने कहा कि स्व. सोहनलाल जी गट्टाणी की स्मृति में आयोजित यह कार्यक्रम मात्र श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं है, बल्कि गौ-सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता को जीवन-मूल्यों से जोडऩे का प्रयास है। उन्होंने कहा कि भारतीय चिंतन में सेवा की भावना किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहती, बल्कि उसका प्रभाव समाज, प्रकृति और आने वाली पीढिय़ों तक पहुंचता है।

मंत्री शशि बिहाणी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी ओमप्रकाश करनानी एवं महेंद्र गट्टाणी ने गौशाला परिसर में दो लाख रुपए की लागत से शेड निर्माण की स्वीकृति प्रदान की। इस घोषणा का उपस्थित समाजबंधुओं ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह सहयोग गौसेवा के प्रति समाज की संवेदनशीलता और सामूहिक उत्तरदायित्व को दर्शाता है।

कोषाध्यक्ष रामकिशन बाहेती ने कार्यक्रम का संचालन किया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में सत्यनारायण राठी, दुर्गाप्रसाद मिमाणी, नारायण डागा, गोपीकिशन पेड़ीवाल, ओमप्रकाश करनानी, अश्वनी पचीसिया, बालकिशन थिरानी, बलदेव बिन्नाणी, सुरेश पेड़ीवाल, रघुवीर झँवर, प्रदीप लखोटिया, नन्दकिशोर राठी, गिरिराज मूंधड़ा, विजयकुमार थिरानी, शिव सारड़ा, रामकिशन बाहेती, रामप्रसाद मिमाणी, किशन डागा, सुरेश राठी, मदनमोहन सारड़ा सहित गट्टाणी परिवार के सदस्य एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि पुण्यतिथि केवल किसी दिवंगत व्यक्ति की स्मृति को नमन करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके जीवन-मूल्यों को सेवा और सामाजिक सरोकारों के माध्यम से आगे बढ़ाने का संकल्प भी है। गौ-सेवा, पौधारोपण और सामाजिक सहभागिता के इस आयोजन ने स्व. सोहनलाल जी गट्टाणी की पुण्य स्मृति को सार्थक श्रद्धांजलि प्रदान की।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal