कोयंबटूर माहेश्वरी समाज ने मनाया वन महोत्सव

रोजमर्रा की भागदौड़, व्यापार, नौकरी और आर्थिक तनाव के बीच प्रकृति के करीब कुछ पल बिताना मन को नई ऊर्जा प्रदान करता है। सावन की फुहारों और बादलों की आंख-मिचौली के बीच जंगल में वन महोत्सव मनाना केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि प्रकृति से जुडऩे और सामाजिक रिश्तों को मजबूत करने का सुखद अनुभव बन जाता है। इसी उद्देश्य के साथ माहेश्वरी समाज, कोयंबटूर द्वारा 23 अगस्त को शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित कौवे कोंडाटम में वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के लगभग 150 सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे दिन प्रकृति के सान्निध्य में विभिन्न गतिविधियों का आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान समाज के अध्यक्ष श्री दामोदर सोमानी, पूर्व अध्यक्ष श्री गोपाल माहेश्वरी, श्री सीताराम कांकाणी एवं श्री संतोष मूंदड़ा ने उपस्थित समाजजनों का स्वागत किया। सभी सदस्यों ने एक-दूसरे के साथ आत्मीयता से समय बिताते हुए सामाजिक एकता और भाईचारे का परिचय दिया।

पूरे दिन की भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी श्री प्रदीप करनानी ने संभाली। सुबह के नाश्ते से लेकर शाम के भोजन तक स्वादिष्ट एवं सुव्यवस्थित भोजन की व्यवस्था की गई, जिसका सभी सदस्यों ने आनंद लिया। प्रकृति की हरियाली और मिट्टी की सौंधी खुशबू के बीच आयोजित सहभोज ने आयोजन को और भी यादगार बना दिया।

कार्यक्रम में सुरभि महिला मंडल की ओर से अमिशा करनानी एवं नीतू मंडोवरा ने विभिन्न मनोरंजक खेलों एवं गतिविधियों का आयोजन कर सभी सदस्यों का पूरे दिन मनोरंजन किया। बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी ने उत्साहपूर्वक खेलों में भाग लिया और आयोजन का भरपूर आनंद उठाया।

वन महोत्सव के माध्यम से समाजजनों को प्रकृति के करीब आने के साथ-साथ आपसी मेलजोल बढ़ाने का अवसर मिला। हरियाली के बीच बिताए इन खुशनुमा पलों ने समाज की एकता, सौहार्द और पारिवारिक भावना को और मजबूत किया। सभी सदस्यों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे यादगार एवं आनंददायक अनुभव बताया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal