| तिनसुकिया माहेश्वरी समाज द्वारा महेश नवमी पर इनडोर गेम्स आयोजन की घोषणा एवं युवा संगठन के नए अध्यक्ष की नियुक्ति |
|
|
तिनसुकिया माहेश्वरी समाज द्वारा 'संगठन आपके द्वार' अभियान के अंतर्गत आयोजित माहेश्वरी पारिवारिक मिलन समारोह की अगली कड़ी का आयोजन शनिवार, 7 जून को श्री प्रवीण गोपाल परवाल के निवास, राधा-कृष्ण मंदिर के समीप, माकुम रोड, तिनसुकिया में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समिति, महिला संगठन एवं युवा संगठन सहित कुल 23 सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री गणेश, भगवान महेश तथा अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं अगरबत्ती अर्पित कर किया गया। उपस्थित सभी सदस्यों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए हाल ही में 10वीं, 12वीं तथा जेईई एडवांस परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं प्रदान की गईं। बैठक में समाज के महापर्व महेश नवमी के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। निर्णयानुसार 21 जून, रविवार को प्रात: 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक इनडोर गेम्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बच्चों, महिलाओं एवं समिति के सदस्यों सहित सभी वर्गों की सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम के पश्चात सामूहिक भोज की भी व्यवस्था की गई है। इसी प्रकार 23 जून, मंगलवार को प्रात: ९:01 बजे महेश भवन में देवों के देव भगवान शिव की पूजा-अर्चना एवं आरती का आयोजन किया जाएगा। समाज के सभी परिवारों से दोनों कार्यक्रमों में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने का अनुरोध किया गया। बैठक में माहेश्वरी युवा संगठन के आगामी कार्यकाल हेतु अध्यक्ष पद पर भी चर्चा की गई। विस्तृत विचार-विमर्श के पश्चात सर्वसम्मति से श्री अंकित सारडा को माहेश्वरी युवा संगठन का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनकी नियुक्ति पर उपस्थित सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। अंत में समाज की एकता, संगठनात्मक मजबूती एवं सामाजिक सहभागिता को और अधिक सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया गया। |
|
| 08 June 2026 |
| मोक्ष प्रदायी पुरुषोत्तम मास - कुम कुम काबरा |